Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्व आर्मी चीफ नरवणे की अप्रकाशित किताब पर संसद में हंगामा, राहुल गांधी और राजनाथ-शाह के बीच जोरदार बहस

    Updated: Mon, 02 Feb 2026 03:03 PM (IST)

    संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान, राहुल गांधी ने पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब का हवाला देते हुए चीनी घु ...और पढ़ें

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान पूर्व आर्मी चीफ जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की अप्रकाशित किताब को लेकर लोकसभा में जोरदार हंगामा हुआ। नेता विपक्ष राहुल गांधी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच तीखी बहस हुई।

    दरअसल, राहुल गांधी ने पूर्व आर्मी चीफ की किताब का हवाला देकर चीन पर सवाल पूछना शुरू किया। इसी बीच रक्षा मंत्री ने भी जवाब देते हुए प्रमाण पेश करने की बात कही। भारी हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही 3 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है।

    राहुल गांधी ने पूछा सवाल

    राहुल गांधी ने कहा कि चीनी सेना भारतीय सीमा में घुस रही है। राहुल गांधी के इस बयान पर सदन में हंगामा खड़ा हो गया है। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी राहुल गांधी का पक्ष लेते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष को उनकी बात कहने का पूरा हक है।

    राहुल गांधी ने कहा, "बीजेपी सांसद ने कहा कि हम देश भक्त नहीं हैं। इसपर मैं कहना चाहता हूं कि पूर्व आर्मी चीफ नरवणे ने अपनी किताब में लिखा है कि चीनी सेना भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रही है।"

    खबरें और भी

    रक्षा मंत्री ने दिया जवाब

    राहुल गांधी के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि जिस किताब का राहुल गांधी उल्लेख कर रहे हैं, वो किताब अभी प्रकाशित ही नहीं हुई है। ऐसे में इस पुस्तक का उल्लेख क्यों किया जा रहा है? राहुल गलत किताब का जिक्र कर रहे हैं। 

    राजनाथ सिंह का कहना है कि राहुल गांधी अपने दावे को साक्ष्यों के साथ प्रमाणित करें। बिना तथ्य के उन्हें आरोप नहीं लगाना चाहिए।

    राजनाथ सिंह ने कहा, "जिस किताब की राहुल गांधी बात कर रहे हैं, वो किताब प्रकाशित नहीं हुई है। अगर उस पुस्तक में तथ्य सही होते, तो वो किताब जरूर प्रकाशित होती। अगर उन्हें (राहुल गांधी) लगता है कि किताब पर सरकार ने गलत तरीके से रोक लगाई है, तो पूर्व आर्मी चीफ अदालत का दरवाजा खटखटाते।"

    स्पीकर ने जताई आपत्ति

    राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताते हुए लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने कहा कि संसद में बजट और राष्ट्रपति के अभिभाषण पर चर्चा हो रही थी। इसलिए मुद्दे पर बने रहें। ये सदन नियम से चलता है और बड़ी पार्टी के नेता प्रतिपक्ष होने के नाते हम आपसे अपेक्षा करते हैं कि आप नियमों का पालन करते हुए बजट पर ही बात करें।

    स्पीकर ओम बिरला ने कहा, "राष्ट्रपति के अभिभाषण में भारत-चीन रिश्तों का कोई जिक्र नहीं है। अभी अभिभाषण पर ही चर्चा करते हुए सदन की मर्यादा रखें।"

    राहुल गांधी के बार-बार सवाल उठाने पर स्पीकर ने कहा, "मुझे लग रहा है आज आप तय करके आए हैं कि मुझे अपनी बात नहीं रखनी है। मैं 5 बार आपको नियम बता चुका हूं। आपसे नियमों के पालन करने की अपेक्षा की जाती है।"

    राहुल गांधी ने दी सफाई

    राहुल गांधी ने कहा, "सरकार विपक्ष के राष्ट्रवाद पर सवाल उठाती है। वहीं, राजनाथ सिंह समेत कुछ लोगों पर जनरल नरवणे ने अपनी किताब में लिखा है, लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा है। मेरी बात चीन के बारे में नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री के कैरेक्टर के बारे में है।"

    स्पीकर ने याद दिलाए नियम

    स्पीकर ने कहा, "संसद की नियम प्रक्रिया 353 के तहत किसी भी व्यक्ति के खिलाफ बोलने से पहले आपको लिखित में देना होगा। सदन नियम से चलेगा। आप अगर नहीं बोलना चाहते हैं, तो मैं अगले वक्ता के रूप में अखिलेश यादव को बुलाना चाहूंगा।"

    अमित शाह ने बोला हमला

    राहुल गांधी के बयान पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी हमला बोला है। अमित शाह ने कहा, "मैंने तेजस्वी सूर्या के भाषण को ध्यान से सुना है। उन्होंने कहीं भी विपक्ष की देशभक्ति पर सवाल नहीं उठाए हैं। राहुल गांधी ने सदन के नियमों को भंग किया है।"

    सत्तापक्ष और विपक्ष के हंगामे के बीच लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही 3 बजे तक स्थगित करने का आदेश दिया है।

    यह भी पढ़ें- 'ये क्या तरीका है?', संसद में हंगामे के बीच वेणुगोपाल पर भड़के स्पीकर ओम बिरला, राहुल गांधी से हुई बहस