Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'मजाक अच्छा है, खेल शुरू', अभिनेता प्रकाश राज ने वोटर लिस्ट से नाम कटने का किया दावा

    Updated: Tue, 11 Aug 2026 02:59 PM (IST)

    अभिनेता प्रकाश राज ने दावा किया है कि बेंगलुरु में चल रहे मतदाता सूची संशोधन अभियान के दौरान उनका नाम 65 लाख हटाए गए मतदाताओं में शामिल है। ...और पढ़ें

    HighLights

    1. प्रकाश राज का नाम बेंगलुरु मतदाता सूची से हटा

    2. अभिनेता ने 65 लाख मतदाताओं के नाम हटने पर सवाल उठाए

    3. उन्होंने इसे सत्ता पक्ष की साजिश करार दिया

    डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। भाजपा के मुखर आलोचक और मशहूर अभिनेता प्रकाश राज ने मंगलवार को दावा किया कि कर्नाटक में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन अभियान के दौरान बेंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र से जिन 65 लाख मतदाताओं का नाम सूची से हटाया गया है, उनमें वे भी शामिल हैं।

    दरअसल, कर्नाटक में चल रहे इस संशोधन अभियान में बेंगलुरु शहर सबसे बड़ी चिंता का विषय बनकर उभरा है। घर-घर जाकर किए जा रहे सत्यापन अभियान के दौरान, शहर के लगभग आधे मतदाता वर्तमान में अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लिकेट, मृत और अन्य श्रेणी में पाए गए हैं।

    इंस्टाग्राम पर जारी वीडियो में 61 वर्षीय अभिनेता ने पूरी प्रक्रिया पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि वह अपने दोस्तों और साथियों के साथ जोक शेयर करना चाहते हैं कि वह उन 65 लाख मतदाताओं में से एक हैं, जिनका वोट देने का अधिकार विशेष गहन संशोधन के बाद बैंगलोर निर्वाचन क्षेत्र से हटा दिया गया है।

    प्रकाश राज ने इसे एक अच्छा मजाक बताते हुए याद दिलाया कि उनका जन्म इसी निर्वाचन क्षेत्र में हुआ है, वे यहीं रहे हैं और उनकी स्कूली शिक्षा से लेकर कॉलेज और थिएटर तक का सफर यहीं तय हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वह 2019 के लोकसभा चुनाव में बैंगलोर सेंट्रल निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव भी लड़ चुके हैं।

    खबरें और भी

    कई वोटर आईडी कार्ड होने का आरोप

    अभिनेता को पिछले महीने ही बेंगलुरु की एक अदालत से सशर्त जमानत मिली थी। अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था, जो उनके पास कई मतदाता पहचान पत्र होने के आरोप से जुड़ा था।

    शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि प्रकाश राज के पास कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में कुल चार वोटर आईडी कार्ड हैं। यह चुनाव आयोग के उस नियम का सीधा उल्लंघन है, जिसमें एक व्यक्ति को केवल एक ही वोटर आईडी रखने की अनुमति दी गई है।

    क्या-क्या कागज दिखाना पड़ेगा?: प्रकाश राज

    नागरिकता संशोधन अधिनियम के दौरान हुए विरोध प्रदर्शनों का परोक्ष रूप से हवाला देते हुए अभिनेता ने कहा कि अब उन्हें देखना होगा कि अपना वोटर आईडी वापस पाने के लिए उन्हें किस प्रक्रिया से गुजरना होगा और क्या-क्या कागज दिखाने पड़ेंगे।

    बता दें कि 2019 में सीएए-एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों के दौरान पटकथा लेखक और गीतकार वरुण ग्रोवर की कविता हम कागज नहीं दिखाएंगे काफी चर्चा में रही थी।

    प्रकाश राज ने सत्ता पक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपनी शक्तियों का इस्तेमाल उन नागरिकों को वोट देने के अधिकार से वंचित करने के लिए कर सकते हैं जो शायद उन्हें वोट न दें। हालांकि, उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जनता अपनी ताकत से उन्हें सत्ता से नीचे ला सकती है।

    मतदाता सूची संशोधन की नई समय सीमा

    इस बीच, चुनाव आयोग ने कर्नाटक में मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन की समय सीमा को बढ़ा दिया है। अब घर-घर जाकर गणना करने का यह चरण 17 अगस्त को समाप्त होगा। राज्य में इस प्रक्रिया के लिए जारी नए कार्यक्रम के अनुसार, मसौदा (ड्राफ्ट) मतदाता सूची 24 अगस्त को प्रकाशित की जाएगी।

    इसके बाद, मतदाता 24 अगस्त से 23 सितंबर के बीच अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। दावों और आपत्तियों के निपटारे के लिए नोटिस का चरण भी 24 अगस्त से ही शुरू होकर 22 अक्टूबर तक चलेगा। इन सभी प्रक्रियाओं के सुचारू रूप से पूरा होने के बाद 27 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।

    क्या कहते है आंकड़े?

    कर्नाटक के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य के कुल 5,54,32,314 मतदाताओं में से लगभग 19.81 प्रतिशत यानी 1,09,83,901 मतदाता अनुपस्थित, स्थानांतरित, डुप्लिकेट या मृत (ASDDO) श्रेणी में पाए गए हैं।

    इस मामले में सबसे ज्यादा खराब स्थिति बेंगलुरु अर्बन की है, जहां कुल 40,21,039 मतदाताओं में से 17,74,626 (44.13 प्रतिशत) को इसी श्रेणी में रखा गया है। वहीं, बृहत् बेंगलुरु महानगर पालिका साउथ में भी आधे से ज्यादा यानी 21,44,784 मतदाताओं में से 10,87,829 (50.72 प्रतिशत) मामले इसी श्रेणी के दर्ज किए गए हैं।

    यह भी पढ़ें- कर्नाटक कैबिनेट में मिलेगी महिला को जगह, दिल्ली दौरे से पहले बोले सीएम डीके शिवकुमार

    यह भी पढ़ें- कर्नाटक के रामनगर में डिवाइडर से टकराई KSRTC की बस, ड्राइवर और कंडक्टर की मौत; 34 यात्री घायल