विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वरमाला के समय मजाक पड़ा महंगा, दुल्हन ने नहीं की शादी

By Sumit KumarEdited By:
Published: Sat, 14 Mar 2015 12:59 PM (IST)Updated: Sun, 15 Mar 2015 09:17 AM (IST)

शादी के समय लड़के वाले अकड़ छोड़ दें और दूल्हे राजा अब झुकना सीख लें। वरना दुल्हन शादी के मंडप ...और पढ़ें

News Article Hero Image

गाजियाबाद। शादी के समय लड़के वाले अकड़ छोड़ दें और दूल्हे राजा अब झुकना सीख लें। वरना दुल्हन शादी के मंडप से लौटा भी सकती है। ऐसा ही एक वाकया शुक्रवार रात उत्तर प्रदेश में गाजियाबाद के साहिबाबाद इलाके में सामने आया। वरमाला के समय लड़के के कुछ दोस्त मजाक-मजाक में दूल्हे को बार-बार पीछे हटाकर ऊपर उठाते रहे। दुल्हन जब तीन प्रयासों में भी वरमाला पहनाने में विफल रही तो खीझ कर आखिरकार शादी से ही इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, वर पक्ष को पांच लाख रुपये हर्जाना भी भरना पड़ा, जो वधू पक्ष वालों ने शादी की व्यवस्था पर खर्च किए थे।

15 दिन 'ससुराल' में भी रही

पुलिस निरीक्षक उपेंद्र यादव ने बताया कि दूल्हा पुणे से बारात लेकर आया था। लड़की साहिबाबाद के वसुंधरा इलाके की रहने वाली है। दोनों की पहचान पुणे में एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में काम करते समय हुई थी। बाद में दोनों ने शादी करना तय किया। शादी से पहले लड़की 15 दिन होने वाले ससुराल में भी रही।

शुक्रवार रात शादी की रस्मों के समय दूल्हे के कुछ दोस्तों ने उसे उकसाया कि वह वरमाला पहनने के लिए अपना सिर नहीं झुकाए। दुल्हन बार-बार वरमाला पहनाने के लिए आगे बढ़ती रही, लेकिन सफल नहीं हो पाने से शर्मिंदगी महसूस करने लगी।

चेतावनी को लिया मजाक में

इस पर दुल्हन ने दूल्हे को चेताया भी कि यदि अब उसने वही बात दोहराई तो वह उससे शादी नहीं करेगी। दूल्हा तथा उसके दोस्तों ने चेतावनी को मजाक में लिया। दोस्तों ने दूल्हे को तीसरी बार भी ऊपर उठा दिया। चेतावनी अनसूनी होने से तमतमाई दुल्हन ने वरमाला फेंक दी और शादी करने से इनकार दिया।

दोनों पक्ष पहुंचे थाने

शनिवार को दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर एक-दूसरे पर आरोप लगाए। लेकिन पुलिस ने जब कानूनी कार्रवाई शुरू करने के लिए लिखित में शिकायत देने को कहा तो वे पीछे हट गए। आखिर में पुलिस के सामने ही दोनों पक्षों ने समझौता किया। पुलिस को भी आश्वस्त किया कि वे भविष्य में एक-दूसरे के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं करेंगे। आखिरकार दूल्हा बगैर दुल्हन के पुणे लौट गया।

दूल्हे का हाथ कांपने पर लौटाई बारात

कानपुर देहात, जागरण संवाददाता। रूरा थाना क्षेत्र के मड़ौली गांव में दूल्हे का हाथ कांपता देखकर दुल्हन ने शादी करने से इंकार कर दिया। काफी मान मनौव्वल के बाद भी जब दुल्हन नहीं मानी तो दोनों पक्षों के बीच लेनदेन की वापसी के बाद बारात बैरंग लौट गई।

मड़ौली गांव के किसान ने पुत्री की शादी बरौर के बमरौली गांव निवासी एक युवक से तय की थी। तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार रात बारात गांव पहुंची। द्वारचार के बाद जयमाल व चढ़ावे की रस्म तक तो सब कुछ ठीक रहा। इसके बाद भांवर की रस्म के लिए युवती के परिजन दूल्हे को लेने जनवासे पहुंचे। वहां चाय लेते समय दूल्हे के हाथ कांपते देखकर चर्चाएं शुरू हो गईं। जनवासे से लौटे लोगों से यह जानकारी दुल्हन तक पहुंची, तो उसने दूल्हे के किसी बीमारी से पीडि़त होने की आशंका जताकर शादी करने से इंकार कर दिया। घर में मंगलगीत बंद हो गए और सन्नाटा छा गया। पूरी रात मान मनौव्वल के बाद भी जब दुल्हन शादी के लिए तैयार नहीं हुई तो दोनों पक्षों के बुजुर्गों ने एक दूसरे का सामान वापस करा दिया। इसके बाद बारात बिना दुल्हन लौट गई।

पढ़ें - गणित के सवाल का दूल्हे ने दिया गलत जवाब, दुल्हन का शादी से इन्कार

पढ़ें - समाज कल्याण विभाग : अंतरजातीय विवाह पर मिलेगा 50 हजार