केंद्र सरकार ने किया बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, दीप्ति गौड़ मुखर्जी बनीं नई उच्च शिक्षा सचिव
केंद्र सरकार ने बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों का तबादला किया है, जिसमें दीप्ति गौड़ मुखर्जी को नई उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। ...और पढ़ें

दीप्ति गौड़ मुखर्जी।
HighLights
दीप्ति गौड़ मुखर्जी नई उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त की गईं।
नीट पेपर लीक विवाद की पृष्ठभूमि में हुई नियुक्ति।
ज्ञानेश भारती अंडमान-निकोबार के नए मुख्य सचिव बने।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने सोमवार को बड़े पैमाने पर आईएएस अधिकारियों के तबादले किए। वरिष्ठ अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी को नई उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। मुखर्जी ने पिछले महीने पंचायती राज मंत्रालय के सचिव नियुक्त किए गए विनीत जोशी की जगह ली है। दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले पशुपालन और डेरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार को जोशी की जगह उच्च शिक्षा सचिव बनाने का फैसला किया गया था।
सोमवार देर रात जारी एक आदेश में कार्मिक मंत्रालय ने कहा कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मुखर्जी को नया उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। नीट पेपर लीक विवाद की पृष्ठभूमि में मुखर्जी की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
चंद्रशेखर एस. को वापस केरल भेजा गया
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निजी सचिव के तौर पर काम कर रहे चंद्रशेखर एस. को उनके कैडर राज्य केरल वापस भेज दिया गया। 2014 बैच के आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर को पिछले साल सितंबर में उपराष्ट्रपति का निजी सचिव नियुक्त किया गया था।
इस बीच, गृह मंत्रालय ने एक आदेश जारी कर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ज्ञानेश भारती को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। भारती इससे पहले उप चुनाव आयुक्त के तौर पर काम कर रहे थे। युवा मामलों की सचिव पल्लवी जैन गोविल कारपोरेट मामलों की नई सचिव होंगी। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआइ) के चेयरमैन सुनील पालीवाल को गोविल की जगह युवा मामलों का सचिव बनाया गया है।
खबरें और भी
सुशील कुमार लोहानी को मिली ये बड़ी जिम्मेदारी
कैबिनेट सचिवालय में विशेष कार्य अधिकारी सुशील कुमार लोहानी, पालीवाल की जगह आईडब्ल्यूएआई के नए चेयरमैन होंगे। जल संसाधन विभाग के सचिव वीएल कांत राव को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह अगले महीने के अंत में मौजूदा सचिव अंसुली आर्या के रिटायर होने के बाद राजभाषा विभाग के सचिव का पद संभालेंगे।