विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 21, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बारातियों ने की छेड़छाड़, तो डोली में नहीं बैठी दुल्हन

By manoj yadavEdited By:
Updated: Tue, 21 Apr 2015 12:39 PM (IST)

जिले के चांचौड़ा क्षेत्र के गांव बीजनीपुरा में बीती रात आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मस्ती में चूर बारातियों ने वधु पक्ष की कुछ महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद दुल्‍हन बिफर गई। दोनों पक्षों के बीच हुई शुरुआती तू-तू मैं-मैं जल्द ही तनाव में बदलती चली

News Article Hero Image

गुना(ब्यूरो)। जिले के चांचौड़ा क्षेत्र के गांव बीजनीपुरा में बीती रात आयोजित एक शादी समारोह के दौरान मस्ती में चूर बारातियों ने वधु पक्ष की कुछ महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद दुल्हन बिफर गई।

दोनों पक्षों के बीच हुई शुरुआती तू-तू मैं-मैं जल्द ही तनाव में बदलती चली गई और सुबह तक वधु पक्ष के लोगों ने मिलकर वर पक्ष के लोगों की जमकर धुनाई कर दी और बिना दुल्हन के बारात बैरंग लौटा दिया। इस घटना में दोनों ही पक्षों के चार लोगों के घायल होने के समाचार हैं।

पहले हुआ स्वागत सत्कार

थाना प्रभारी चांचौड़ा शशिभूषण रघुवंशी ने बताया कि रविवार की रात बीजनीपुरा गांव में भगवानसिंह भील की बेटी की शादी चांचौड़ा थानाक्षेत्र के सागाड़ी गांव निवासी सागरसिंह भील के बेटे से हुई थी। रात के समय गांव में बारात आई और दोनों ही पक्षों में स्वागत सत्कार का दौर चला। इसके बाद रात के समय ही दूल्हा व दुल्हन के फेरे भी हो गए।

लेकिन इसी बीच बारात में शामिल कुछ लोगों ने दुल्हन पक्ष की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ कर दी। इस घटना के बाद मौके पर स्वागत सत्कार का माहौल तनाव में बदल गया। दुल्हन ने दूल्हे के साथ जाने से इनकार कर दिया, तो दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं का दौर शुरू हुआ, जो जल्द ही मारपीट में भी बदल गया। इसके बाद दुल्हन ने भी डोली में बैठकर ससुराल जाने से मना कर दिया।

बिना दुल्हन के लौटी बारात

इस पूरी घटना में दोनों ही पक्षों के चार लोग घायल भी हुए हैं। सुबह के समय बारात व दूल्हा बिना दुल्हन लिए ही लौट गए। थाना प्रभारी रघुवंशी ने बताया कि दोनों ही पक्षों की ओर से मारपीट का मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है। थाना प्रभारी रघुवंशी ने बताया कि किसी भी पक्ष की ओर से छेड़छाड़ की रिपोर्ट नहीं लिखाई गई है। घायलों का चांचौड़ा अस्पताल में इलाज कराया गया।

पढ़ेंः ऐसी सीरियल ब्राइड और कहां, कुंवारी बताकर की 10 शादियां

पढ़ेंःवरमाला के समय मजाक पड़ा महंगा, दुल्हन ने नहीं की शादी

साभार-नई दुनिया