UDISE रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा, एक साल में इतने कम हुए सरकारी स्कूल
संसद में पेश UDISE रिपोर्ट के अनुसार पिछले एक साल में देश में सरकारी स्कूलों की संख्या में भारी गिरावट को दर्ज किया गया है। मेघालय, तेलंगाना और आंध्र ...और पढ़ें

यहां पढ़ें पूरी खबर।
HighLights
पिछले एक साल में 10,000 सरकारी स्कूल कम हुए।
मेघालय, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में सबसे ज्यादा कम हुए सरकारी स्कूल।
एजुकेशन डेस्क, नई दिल्ली। देश में सरकारी स्कूलों की संख्या को लेकर चौंकाने वाले आंकड़े प्रस्तुत किए गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक प्राथमिक और उच्च प्राथमिक सरकारी स्कूलों की संख्या में भारी गिरावट आई है। पिछले एक साल में सरकारी स्कूलों में लगभग 10,000 की गिरावट को दर्ज किया गया है। बता दें, रिपोर्ट में मेघालय, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सबसे आगे हैं। हालांकि देश के सभी राज्यों की स्थिति एक समान नहीं है। कुछ राज्यों जैसे बिहार और छत्तीसगढ़ में सरकारी स्कूल की संख्या में बढ़ोतरी भी हुई है।
क्या कहती है UDISE रिपोर्ट
यूडीआईएसई रिपोर्ट के मुताबिक साल 2024-25 में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक सरकारी स्कूलों की संख्या 8,89,806 से घटकर साल 2025-26 में 8,79,940 हो गई है। रिपोर्ट के मुताबिक सरकारी स्कूलों की संख्या में लगभग 1.1 प्रतिशत की कमी आई है।
किन राज्य में आई सबसे ज्यादा गिरावट
संसद में पेश किए गए आंकड़ों के मुताबिक सरकारी स्कूलों में सबसे ज्यादा कमी मेघालय में देखी गई है। मेघालय में स्कूलों की संख्या 7,633 से घटकर 5,459 हो गई है। इसके अलावा, तेलंगाना में कुल 1,961 और आंध्र प्रदेश में कुल 1,446 स्कूल कम हुए हैं।
इन राज्यों में बढ़ी स्कूलों की संख्या
देश के हर राज्यों में सरकारी स्कूलों की स्थिति एक जैसी नहीं है। कुछ राज्यों जैसे बिहार में सरकारी स्कूलों की संख्या में बढ़ोतरी भी हुई है। बिहार में सरकारी स्कूलों की संख्या 66,803 से बढ़कर 66,915 हो गई है। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ में स्कूलों की संख्या 43,836 से बढ़कर 43,853 हो गई।