दूसरी बार भी बेटी जन्मी तो मां बनी जल्लाद, पांच दिन की नवजात को ड्रम में डुबोकर मार डाला...सीधी में हृदयविदारक वारदात
सीधी जिले में पांच दिन की नवजात का शव पानी से भरे ड्रम में मिला, जिसके बाद पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित महिला ने दूसरी बेटी के जन्म से परे ...और पढ़ें

बच्ची का जीवित अवस्था का फोटो (सौजन्य- स्वजन)
HighLights
चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम भलकी में हुई वारदात।
पति ने ही महिला के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर।
पुलिस ने आरोपित मां को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में गुरुवार को पांच दिन की नवजात का पानी से भरे ड्रम में शव मिला। पुलिस ने पानी में डुबोकर हत्या के आरोप में प्रकरण दर्ज कर नवजात की मां को गिरफ्तार कर लिया है। सामने आया कि दूसरी संतान के रूप में भी बेटी के जन्म पर आरोपित महिला ने इस खौफनाक घटना को अन्जाम दिया। शुक्रवार को आरोपित महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पति ने दर्ज कराई एफआईआर
घटना चुरहट थाना क्षेत्र के ग्राम भलकी की है। आरोपित महिला के पति पंकज पटेल ने ही थाने में पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। आरोप लगाया कि पत्नी सोनू पटेल ने पांच दिन की नवजात बेटी को ड्रम में डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना से पहले पंकज ने अपनी पत्नी को बच्ची को दूध पिलाने के लिए कहा था और खेत में धान की रोपाई करने चला गया।
नीले ड्रम में डुबोकर की हत्या
कुछ देर बाद पंकज की बहन ने फोन कर बताया कि बच्ची दिखाई नहीं दे रही है। इसके बाद स्वजन ने बच्ची की तलाश शुरू की और पुलिस को भी सूचना दी। तलाशी के दौरान घर में रखे एक नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम का ढक्कन खोलकर देखा तो उसके अंदर पानी में नवजात का शव मिला।
यह भी पढ़ें- पोषण आहार के नाम पर बच्चों को परोसी नमक-पूरी, मैहर के आंगनबाड़ी केंद्र का Video वायरल; जांच के आदेश
पांच दिन पहले जन्मी थी बच्ची
पुलिस के अनुसार, आरोपित सोनू पटेल की एक पुत्री पहले से थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह बेटी के जन्म से मानसिक रूप से परेशान थी। वह बच्ची का पालन-पोषण नहीं करना चाहती थी। इसी कारण उसने इस वारदात को अन्जाम दिया। पुलिस के अनुसार, मामले में सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।