Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पोषण आहार के नाम पर बच्चों को परोसी नमक-पूरी, मैहर के आंगनबाड़ी केंद्र का Video वायरल; जांच के आदेश

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 07:42 PM (IST)

    मैहर के ककरा गांव में एक आंगनबाड़ी केंद्र का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें बच्चों को पोषण आहार के नाम पर नमक के साथ पूरी परोसने का दावा किया गया है। महि ...और पढ़ें

    आंगनबाड़ी में नमक के साथ पूरी खाते बच्चे। (वीडियो ग्रैब)

    आंगनबाड़ी में नमक के साथ पूरी खाते बच्चे। (वीडियो ग्रैब)

    HighLights

    1. मैहर आंगनबाड़ी में बच्चों को नमक-पूरी परोसने का वीडियो वायरल।

    2. महिला एवं बाल विकास विभाग ने वीडियो को तीन माह पुराना बताया।

    3. विभाग ने वीडियो को भ्रामक बताते हुए जांच के आदेश दिए।

    डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के मैहर जिले के ग्राम ककरा स्थित एक आंगनबाड़ी केंद्र का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में बच्चों को पोषण आहार के नाम पर नमक के साथ पूरी परोसे जाने का दावा किया जा रहा है। वीडियो में कुछ बच्चे यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि उन्होंने पूरी नमक के साथ ही खाई। हालांकि, महिला एवं बाल विकास विभाग ने इस दावे को खारिज करते हुए वीडियो को अधूरा और भ्रामक बताया है। मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।

    विभाग ने बताया तीन माह पुराना वीडियो

    जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेंद्र बांगड़े के अनुसार वायरल वीडियो करीब तीन महीने पुराना है। प्रारंभिक जांच में रसोईए ने बताया है कि वीडियो उस समय बनाया गया था, जब बच्चों को सब्जी परोसने की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई थी। उनका कहना है कि अधूरा वीडियो वायरल कर पूरे घटनाक्रम को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

    बच्चों के बयान से उठा विवाद

    हालांकि कुछ बच्चों का कहना है कि उन्होंने नमक के साथ पूरी खाई। इसी आधार पर सोशल मीडिया पर आंगनबाड़ी में पोषण आहार की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।

    मारपीट की घटना से जोड़ रहा विभाग

    परियोजना अधिकारी अखिलेश दीपंकर ने बताया कि 26 जुलाई को हुई एक मारपीट की घटना के दौरान शिवम स्व-सहायता समूह की अध्यक्ष राधाबाई बीच-बचाव करने पहुंची थीं। उसी दौरान उनकी बेटी ने फोटो और वीडियो बनाए थे। विभाग का दावा है कि बाद में पुलिस तक मामला न पहुंचे, इसके लिए दबाव बनाने की मंशा से यह पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।

    यह भी पढ़ें- कटनी में ट्रेन छूटी, मंदिर दर्शन का झांसा देकर मानसिक अस्वस्थ महिला से जंगल में सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार

    जांच रिपोर्ट सौंपी, अंतिम निर्णय का इंतजार

    महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले की प्रारंभिक जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट जिला कार्यक्रम अधिकारी को सौंप दी है। डीपीओ ने बताया कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    खबरें और भी