शहडोल में दो सगे भाइयों की तालाब में डूबने से मौत, एक-दूसरे को बचाने में गई जान; स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल
शहडोल के अमलाई में तालाबनुमा गड्ढे में नहाते समय दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में दोनों गहरे पानी में समा गए। इस घट ...और पढ़ें

तालाब में डूबने से मोत (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
शहडोल में तालाब में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत।
बड़े भाई को बचाने की कोशिश में छोटे भाई ने भी जान गंवाई।
कलेक्टर ने पीड़ित परिवार को 8 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। गाड़ाघाट के पास दफाई में तालाबनुमा गड्ढे में नहाने उतरे दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय विवेक सिंह गोंड और 10 वर्षीय बारिश सिंह गोंड के रूप में हुई है। दो बच्चों की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है।
बड़े भाई को डूबता देख बचाने कूदा छोटा
पुलिस के अनुसार, पुरानी अमराडंडी निवासी विक्रम सिंह गोंड के दोनों बेटे रविवार को खेलते-खेलते दफाई स्थित तालाबनुमा गड्ढे के पास पहुंच गए थे। खेल-खेल में दोनों पानी में नहाने के लिए उतर गए।
इसी दौरान बड़ा भाई विवेक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे संकट में देख छोटा भाई बारिश बिना कुछ सोचे उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया। लेकिन वह भी गहरे पानी में फंस गया। देखते ही देखते दोनों भाई पानी में डूब गए।
डूबता देख लोगों ने मचाया शोर
दोनों बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उन्हें बाहर निकालने के लिए प्रयास शुरू किए। स्थानीय लोगों ने बच्चों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही अमलाई पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
खबरें और भी
थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों के साथ घटनास्थल की स्थिति की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें- शहडोल में लाड़ले तोते 'गोपी' के लापता होने से परिवार बेहाल, 10 हजार का इनाम घोषित; वापसी के लिए घरवालों ने रखा व्रत
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
दोनों बेटों की एक साथ मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भी शोक की लहर है।
कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतक बच्चों के परिवार को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की बात कही है।