पर्ची में डॉग बाइट, इंजेक्शन लगा दिया स्नेक बाइट का... रीवा के संजय गांधी अस्पताल में फिर घोर लापरवाही
रीवा के संजय गांधी अस्पताल में एक 18 वर्षीय युवक को कुत्ते के काटने पर एंटी रेबीज की जगह एंटी ...और पढ़ें

HighLights
18 वर्षीय युवक को कुत्ते के काटने पर गलत इंजेक्शन लगा।
युवक को एंटी रेबीज की जगह एंटी स्नेक वेनम दिया गया।
लगातार लापरवाही के बाद मेडिकल कॉलेज डीन को हटाया।
डिजिटल डेस्क, रीवा। रीवा के संजय गांधी अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े करने वाले मामलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जच्चा-बच्चा की मौत और जिंदा वृद्ध को मृत घोषित करने के विवाद के बाद अब एक 18 वर्षीय युवक को कुत्ते के काटने पर एंटी रेबीज की जगह एंटी स्नेक वेनम (सांप के डसने में इस्तेमाल होने वाला इंजेक्शन) लगाए जाने का मामला सामने आया है।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और मरीजों के उपचार में बरती जा रही सावधानी पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। गनीमत रही कि गलत इंजेक्शन लगने के बाद युवक को कोई गंभीर रिएक्शन नहीं हुआ।
कुत्ते के काटने की बात साफ बताई, फिर भी गफलत
रामपुर कोठी झिरिया निवासी आयुष सिंह (18), पिता अंशुमान सिंह, को पांच सितंबर की शाम कुत्ते ने काट लिया था। उपचार के लिए वह संजय गांधी अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड पहुंचा। अस्पताल में पर्ची बनवाने के बाद उसने ड्यूटी पर मौजूद महिला पीजी डॉक्टर को स्पष्ट रूप से बताया कि उसे कुत्ते ने काटा है और एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाना है।
आरोप है कि इसके बावजूद पर्ची में डॉग बाइट की जगह स्नेक बाइट लिख दिया गया और एंटी रेबीज के बजाय एंटी स्नेक वेनम दर्ज कर दिया गया। इसके बाद स्टाफ नर्स ने पर्ची के आधार पर वही इंजेक्शन मरीज को लगा दिया।

घर पहुंचकर पर्ची देखी तो उड़े होश
इंजेक्शन लगने के बाद आयुष को लगा कि उसे कुत्ते के काटने का जरूरी उपचार मिल गया है और वह घर चला गया। घर पहुंचने के बाद जब उसने अपनी पर्ची देखी तो उसमें एंटी स्नेक वेनम लिखा हुआ था।
यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत दोबारा अस्पताल पहुंचा। मरीज ने अस्पताल में इस गलती को लेकर आपत्ति जताई और हंगामा किया। इसके बाद उसे दोबारा पर्ची बनवाकर एंटी रेबीज इंजेक्शन लगाया गया।
राहत की बात यह रही कि गलत इंजेक्शन दिए जाने के बाद युवक को किसी गंभीर प्रतिकूल प्रतिक्रिया का सामना नहीं करना पड़ा।
डिप्टी सीएम के निरीक्षण के बाद भी सुधार नहीं
यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब रविवार सुबह ही प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अपने गृह जिले के इसी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने डीन, अधीक्षक और सभी विभागाध्यक्षों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सख्त निर्देश दिए थे।
इसके बावजूद कुछ ही समय बाद सामने आए इस मामले ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
विरोध और दबाव के बीच डीन को हटाया
संजय गांधी अस्पताल और श्याम शाह मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर लगातार उठ रहे सवालों, जन आक्रोश और विरोध प्रदर्शनों के बीच सरकार ने श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. सुनील अग्रवाल को पद से हटा दिया है।
उनकी जगह सतना मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ. शशिधर गर्ग को रीवा मेडिकल कॉलेज का नया डीन नियुक्त किया गया है। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की अवर सचिव सीमा देहरिया की ओर से भोपाल से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। एक के बाद एक सामने आ रहे मामलों ने संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
