रीवा हत्याकांड का खुलासा: शराब पार्टी में विवाद के बाद दोस्तों ने की कांग्रेस नेता की हत्या
रीवा में कांग्रेस अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमित वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प ...और पढ़ें

कांग्रेस नेता अमित वर्मा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा।
HighLights
कांग्रेस नेता अमित वर्मा की हत्या का 24 घंटे में खुलासा।
शराब पार्टी में मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदली।
पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। रीवा में कांग्रेस अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अमित वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात की शुरुआत शराब पार्टी के दौरान हुई मामूली कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। आरोपितों ने अमित पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
मृतक अमित वर्मा के पिता पीसी कोल अनूपपुर पुलिस लाइन में पदस्थ हैं और संयोग से 31 जुलाई को उनकी सेवानिवृत्ति निर्धारित है। परिवार में इस घटना के बाद शोक का माहौल है।
शराब पार्टी बनी हत्या की वजह
पुलिस अधीक्षक गुरुकरण सिंह के मुताबिक गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विजय कुमार दहिया उर्फ लकी (25), आशीष कुमार दहिया उर्फ मोनू (30) और नंदलाल दहिया उर्फ अंकित (21) के रूप में हुई है। तीनों ने शांति विहार कॉलोनी में अमित वर्मा के साथ शराब पार्टी की थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में आरोपितों ने चाकू से हमला कर दिया।
बाइक छोड़कर फरार हुए आरोपित
हत्या के बाद तीनों आरोपित मौके से फरार हो गए, लेकिन जल्दबाजी में अपनी बाइक घटनास्थल पर ही छोड़ गए। यही सुराग पुलिस के लिए अहम साबित हुआ। सिविल लाइन थाना पुलिस ने जांच के दौरान हत्या में प्रयुक्त चाकू और आरोपितों की बाइक बरामद कर ली।
यह भी पढ़ें- विश्व बाघ दिवस पर बालाघाट से बुरी खबर: बाघिन गौरा के शावक का शव मिला, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका
पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया। अदालत ने सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।