पन्ना में खेत गए बुजुर्ग पर तेंदुए का हमला, गंभीर हालत में एंबुलेंस नहीं मिली तो ऑटो से पहुंचाया अस्पताल; ग्रामीणों में दहशत
पन्ना के सिलगी गांव में खेत गए 65 वर्षीय बुजुर्ग पर जंगली जानवर (तेंदुए) ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एंबुलेंस न मिलने पर उन्हें ऑटो से अस्पताल ले जाया गया, जिससे ग्रामीणों में दहशत है।

अस्पताल में उपचाररत घायल बुजुर्ग।
HighLights
ग्राम सिलगी में 65 वर्षीय बुजुर्ग पर जंगली जानवर (तेंदुए) का हमला।
गंभीर घायल बुजुर्ग को ऑटो से स्वास्थ्य केंद्र, फिर ले गए अस्पताल।
वन विभाग की निगरानी बढ़ी, ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। पन्ना जिले के देवेंद्रनगर क्षेत्र के ग्राम सिलगी में मंगलवार सुबह खेत में शौच के लिए गए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने शुरुआत में इसे बाघ का हमला बताया, लेकिन वन विभाग का कहना है कि प्रथमदृष्टया यह हमला तेंदुए द्वारा किए जाने की आशंका है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार ग्राम सिलगी निवासी जौहरिया रजक (65), पिता रामप्रसाद रजक, सुबह शौच के लिए खेत की ओर गए थे। इसी दौरान पीछे से आए जंगली जानवर ने उन पर हमला कर दिया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े, जिन्हें आता देख जंगली जानवर जंगल की ओर भाग गया।
गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर
परिजन घायल बुजुर्ग को तत्काल ऑटो से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल पन्ना रेफर कर दिया। परिजनों का आरोप है कि रेफर किए जाने के बावजूद 108 एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई, जिसके चलते उन्हें घायल बुजुर्ग को ऑटो से ही जिला अस्पताल ले जाना पड़ा। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। देवेंद्रनगर रेंजर ने बताया कि शुरुआती जांच में हमला तेंदुए द्वारा किए जाने की आशंका है। विभाग की टीम जिला अस्पताल पहुंची और घायल को तत्काल सहायता के रूप में दो हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई। साथ ही ग्रामीणों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें- मैहर में समीक्षा बैठक के दौरान बार-बार बाहर जा रहे थे अधिकारी, जांच कराई तो 49 में 19 को निकली डायबिटीज
वन विभाग ने घटना स्थल और आसपास के जंगलों में निगरानी बढ़ा दी है। हमले की जांच जारी है, जबकि सिलगी और आसपास के गांवों में जंगली जानवर की मौजूदगी को लेकर लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।

