Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कटनी में ट्रेन छूटी, मंदिर दर्शन का झांसा देकर मानसिक अस्वस्थ महिला से जंगल में सामूहिक दुष्कर्म, एक गिरफ्तार

    Updated: Thu, 30 Jul 2026 07:10 PM (GMT+05:30)

    कटनी जिले में ट्रेन छूटने के बाद एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को मंदिर दर्शन का झांसा देकर जंगल में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता की मा ...और पढ़ें

    पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

    पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।

    HighLights

    1. कटनी में मानसिक अस्वस्थ महिला से सामूहिक दुष्कर्म।

    2. ट्रेन छूटने पर मंदिर दर्शन का झांसा देकर वारदात।

    3. एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा अभी भी फरार।

    डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के कटनी जिले में मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार ट्रेन छूट जाने के बाद महिला को मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर एक ऑटो चालक और उसका साथी रीठी थाना क्षेत्र के जंगल में ले गए, जहां दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के करीब एक महीने बाद पीड़िता की मानसिक स्थिति सामान्य होने पर उसने अपने स्वजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद दिल्ली में जीरो एफआईआर दर्ज हुई, जिसकी जांच कटनी पुलिस ने करते हुए मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अब भी फरार है।

    ट्रेन छूटने के बाद झांसे में फंसी महिला

    पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि पीड़िता 14 जून को अपने बच्चों के साथ दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन से हीराकुंड एक्सप्रेस के जरिए छत्तीसगढ़ जा रही थी। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और उसका इलाज दिल्ली में चल रहा था। रात करीब 9:45 बजे ट्रेन के कटनी के मुड़वारा स्टेशन पर रुकने के दौरान वह पानी लेने नीचे उतरी, लेकिन इसी बीच ट्रेन रवाना हो गई।

    मंदिर दर्शन का बहाना, फिर जंगल में वारदात

    जांच में सामने आया कि स्टेशन के बाहर एक व्यक्ति ने महिला से बातचीत की और मंदिर दर्शन कराने का झांसा देकर उसे ई-रिक्शा में बैठा लिया। इसके बाद वह उसे रीठी रोड स्थित जंगल में ले गया, जहां ऑटो चालक और उसके साथी ने कथित रूप से बारी-बारी से दुष्कर्म किया।

    मानसिक स्थिति ठीक होने पर सामने आई सच्चाई

    अगली सुबह सड़क किनारे बैठी महिला की सूचना मिलने पर रीठी थाना पुलिस उसे अपने साथ लेकर शासकीय अस्पताल पहुंची। उस समय महिला मानसिक रूप से असामान्य होने के कारण घटना के बारे में कुछ नहीं बता सकी। पुलिस ने उसके भाई का संपर्क नंबर प्राप्त कर उसे बुलाया और महिला को परिजनों के साथ दिल्ली भेज दिया।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- रीवा हत्याकांड का खुलासा: शराब पार्टी में विवाद के बाद दोस्तों ने की कांग्रेस नेता की हत्या

    दिल्ली में इलाज के बाद जब महिला की मानसिक स्थिति सामान्य हुई, तब उसने अपने भाई को पूरी घटना बताई। इसके बाद दक्षिण दिल्ली के सफदरजंग थाना में जीरो एफआईआर दर्ज की गई और केस डायरी कटनी पुलिस को भेजी गई।

    800 से ज्यादा ऑटो चालकों की जांच के बाद मिला सुराग

    एक माह पुरानी घटना और आरोपितों की पहचान न होने के कारण पुलिस के लिए जांच चुनौतीपूर्ण थी। रीठी थाना प्रभारी मो. शाहिद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कटनी क्षेत्र के 800 से अधिक ऑटो चालकों की जांच की। पीड़िता द्वारा बताए गए ऑटो के आधार पर पुलिस को रीठी क्षेत्र के दिनेश चौधरी, निवासी जमुनिया, पर संदेह हुआ।

    साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने एक अन्य साथी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ऑटो जब्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, जबकि फरार दूसरे आरोपित की तलाश जारी है।