Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    कटनी में शादी का घर बना रणभूमि : देर से पहुंची बारात, पुलिस से टकराव के बाद लाठीचार्ज, दो SI लाइन अटैच

    Updated: Tue, 21 Apr 2026 07:29 PM (IST)

    कटनी के इंद्रानगर में देर से पहुंची बारात के विवाद में पुलिस और बारातियों के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस घटना में कई लोग घाय ...और पढ़ें

    बारातियों का पुलिस से विवाद हो गया (वीडियो ग्रैब)

    बारातियों का पुलिस से विवाद हो गया (वीडियो ग्रैब)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    डिजिटल डेस्क, जबलपुर। कटनी में कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में सोमवार की रात देर से पहुंची एक बारात में विवाद की सूचना पर गई पुलिस पर बरातियों ने पहले पथराव किया। उसके बाद पुलिस बल पहुंचा और लोगों को खदेड़ते हुए लाठियां भांजी। बारातियों व वधू पक्ष के बीच पुलिसकर्मियों का लाठी चलाते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। वहीं दूसरी ओर वधू पक्ष के लोगों ने मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा बिना कारण लाठीचार्ज करने और उसमें कई लोगों के घायल होने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

    अमदरा से इंद्रानगर आई थी बरात

    जानकारी के अनुसार पड़ोसी जिले मैहर के अमदरा से सीताराम चौधरी के परिवार से बारात कटनी के कुठला थाना क्षेत्र के इंद्रानगर आई थी। बताया जाता है कि जिस गाड़ी में दूल्हा बैठा था, वह कार रास्ते में बिगड़ गई और इसके चलते बारात दो घंटे से अधिक देरी से पहुंची। रात के करीब डेढ़ बजे बरात के पहुंचने पर दो पक्षों के लोग आपस में विवाद करने लगे और इस बीच विवाद बढ़ने से लोगों ने डायल-112 को सूचना दे दी। मौके पर कुठला थाना क्षेत्र की एफआरबी मौके पर पहुंची और पुलिस दोनों पक्षों को समझा रही थी। उसी बीच बारातियों व घरातियों ने पुलिस से ही अभद्रता शुरू कर दी और पथराव करने लगे। जिसके चलते पुलिस कर्मी मौके से लौट आए और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी।

    जवानों ने चलाई लाठी

    बताया जाता है कि घटना की जानकारी लगने पर वरिष्ठ अधिकारियों ने कुठला पुलिस के साथ कोतवाली पुलिस को भी मौके पर भेजा। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो शादी वाले घर में मौजूद लोगों ने अभद्रता करते हुए पुलिस पर फिर से पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जिसमें चार-पांच पुलिसकर्मियों को भी चोट आईं। उसके बाद पुलिस ने मौके से लोगों को हटाने के लिए लाठियां भांजी। जिसके चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    पुलिस ने दिया धक्का

    दूसरी ओर मामले को लेकर चौधरी परिवार के लोगों का आरोप है कि बारात देरी से पहुंची थी और इस बीच गश्त कर रही कुठला पुलिस की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस कर्मियों ने देर रात बारात निकालने को लेकर बिना कोई बातचीत किए हुए बारातियों को धक्का देना शुरू कर दिया। बारातियों ने विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और उसके बाद पुलिस मौके से चली गई। उनका आरोप है कि उसके कुछ ही देर बाद बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घर पहुंचे और घर के बाहर बारातियों के साथ वधू पक्ष के लोगों पर भी जमकर डंडे बरसाए। इतना ही नहीं पुलिस की मारपीट में महिलाएं व बच्चों को भी चोट आई।

    खबरें और भी

    उनका कहना है कि मारपीट में दुल्हन के भाई आकाश चौधरी, दूल्हे के चाचा अन्य लोगों को गंभीर चोट आईं। लगभग 14 लोग पुलिस की मारपीट से घायल हुए हैं। स्वजनों ने रात को दूल्हा-दुल्हन व अन्य लोगों को थाने ले जाने का आरोप लगाया और मिन्नतों के बाद छोड़ने पर विवाह कार्यक्रम पूरा हो सका।

    जनसुनवाई में लगाई गुहार

    वधू पक्ष के लोगों ने मंगलवार को जनसुनवाई में भी शिकायत दी। जिसमें उनका आरोप है कि रात का हुए विवाद व मारपीट के दौरान लोगों के हाथ-पैर तक फैक्चर हो गए। घायलों में संजय चौधरी, मनोज चौधरी, आकाश चौधरी, रमेश चौधरी, सुमन बाई, राजकुमार चौधरी, अजय चौधरी, भगवती चौधरी, नीरज चौधरी, विकास चौधरी, सुदामा चौधरी, शुभम चौधरी, सीताराम वर्मा, श्रोती वर्मा को चोट आई। स्वजन ने पुलिस अधिकारियों से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

    यह भी पढ़ें- चाय के टपरे पर ‘रिश्वत का सौदा’: छिंदवाड़ा में लोकायुक्त के जाल में फंसा PHE कर्मचारी, 14000 रुपये लेते गिरफ्तार, बाबू पर भी केस दर्ज

    दो उपनिरीक्षकों को किया लाइन अटैच

    मामले का वीडियो प्रसारित होने और दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने देर शाम दो उपनिरीक्षकों को लाइन अटैच कर दिया। वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान प्रथमदृष्टया अनुचित आचरण पाए जाने पर एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बस स्टैंड चौकी प्रभारी सिद्धार्थ राय और कुठला थाना में पदस्थ उपनिरीक्षक सौरभ सोनी को शाम को तत्काल प्रभाव से लाइन अटैच कर दिया।

    इंद्रानगर में वैवाहिक कार्यक्रम के दौरान विवाद और उसके साथ पुलिसकर्मियों का मारपीट करते का वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रथमदृष्टया अनुचित आचरण पाए जाने पर दो उपनिरीक्षकों को लाइन अटैच किया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
    - अभिनय विश्वकर्मा, पुलिस अधीक्षक