छिंदवाड़ा के पीएमश्री स्कूल में शिक्षिका पर गंभीर आरोप, कक्षा-6 के बच्चों से कहा- ‘बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बनाओ’; जांच के बाद निलंबित
छिंदवाड़ा के एक पीएमश्री स्कूल में शिक्षिका उमा शर्मा को कक्षा छह के छात्रों से आपत्तिजनक बातचीत के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच में ...और पढ़ें

शिक्षिका को किया निलंबित (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
छिंदवाड़ा की शिक्षिका उमा शर्मा निलंबित।
कक्षा छह के छात्रों से आपत्तिजनक बातचीत।
विभागीय जांच में आरोप सही पाए गए।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के एक पीएमश्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छह के विद्यार्थियों से कथित तौर पर आपत्तिजनक बातचीत करने के मामले में शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई की गई है। विद्यार्थियों और अभिभावकों की शिकायत के बाद विभागीय जांच में आरोप सही पाए गए, जिसके बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षिका उमा शर्मा को निलंबित कर दिया।
बच्चों से आपत्तिजनक बातें करने का आरोप
स्कूल के प्राचार्य दिनेश शर्मा के अनुसार अभिभावकों ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि शिक्षिका कक्षा में बच्चों से आपत्तिजनक बातें करती थीं। शिकायत में यह भी कहा गया कि वह विद्यार्थियों से कथित तौर पर बॉयफ्रेंड-गर्लफ्रेंड बनाने जैसी बातें करती थीं और कक्षा में गाने भी सुनाती थीं।
विद्यार्थियों का आरोप है कि शिक्षिका कक्षा में शेर-शायरियां भी करती थीं। जब बच्चे उनकी बात नहीं मानते थे तो कथित तौर पर पुलिस में अपनी पहुंच होने की बात कहकर उन्हें डराया जाता था।
अभिभावकों ने की शिकायत
शिक्षिका की कथित बातचीत से परेशान विद्यार्थियों ने जब यह बात अपने अभिभावकों को बताई तो उन्होंने स्कूल पहुंचकर प्राचार्य से शिकायत की। प्राचार्य की ओर से शिक्षिका को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया।
इसके बाद मामले की जांच जिला शिक्षा अधिकारी स्तर पर कराई गई। विभागीय जांच में शिकायत में लगाए गए आरोप सही पाए जाने की जानकारी सामने आई।
शिक्षा विभाग ने किया निलंबित
जबलपुर संभाग के लोक शिक्षण संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी ने बताया कि जांच के बाद शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया गया है। मामले में विभागीय स्तर पर आगे की प्रक्रिया भी जारी है।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- नरसिंहपुर में तीसरी कक्षा की छात्रा से दुष्कर्म के बाद हत्या, आधी रात को जंगल में मिला शव; पड़ोसी युवक गिरफ्तार
शिक्षिका बोलीं- साजिश के तहत फंसाया
वहीं, आरोपित शिक्षिका उमा शर्मा ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि स्कूल के कुछ शिक्षक उनके खिलाफ साजिश कर रहे हैं और उन्हें झूठे आरोपों में फंसाया गया है।