रतलाम में होमगार्ड पर हमला कर बाल सुधार गृह से भागे सात बाल अपचारी, छह को पकड़ा; एक की तलाश जारी
रतलाम के बिरियाखेड़ी स्थित बाल सुधार गृह से सात बाल अपचारी होमगार्ड पर हमला कर फरार हो गए। पुलिस ने रातभर चले अभियान के बाद छह को पकड़ लिया है, जबकि ए ...और पढ़ें

बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह, जहां से सात बाल अपचारी फरार हुए।
HighLights
रतलाम बाल सुधार गृह से सात बाल अपचारी फरार हुए।
होमगार्ड पर हमला कर मुख्य द्वार से भागे थे।
पुलिस ने छह को पकड़ा, एक की तलाश जारी है।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। रतलाम जिले के बिरियाखेड़ी स्थित शासकीय बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए शनिवार रात सात बाल अपचारी फरार हो गए। बताया जा रहा है कि उन्होंने ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान से मारपीट की और मुख्य द्वार से निकलकर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर तलाश अभियान शुरू कर दिया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने छह बाल अपचारियों को नामली के पास से अभिरक्षा में ले लिया। वहीं, एक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
होमगार्ड पर हमला कर मुख्य गेट से निकले
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक होमगार्ड सैनिक चंद्रकांत शर्मा चैनल गेट के पास ड्यूटी के दौरान सो रहे थे। इसी दौरान बाल अपचारियों ने उन पर हमला कर दिया और मौका पाकर मुख्य द्वार से फरार हो गए। घटना के बाद सुधार गृह में हड़कंप मच गया और पुलिस को तत्काल सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस ने जिले की सीमाओं और प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर दी। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संभावित ठिकानों और रास्तों पर सर्चिंग शुरू की। कई घंटे की तलाश के बाद छह बाल अपचारी रतलाम से करीब 15 किलोमीटर दूर नामली के पास पुलिस के हाथ लग गए।
15 से 17 साल उम्र, गंभीर अपराधों में दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार फरार होने वाले सभी बाल अपचारी 15 से 17 वर्ष की उम्र के हैं। इनके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, मादक पदार्थों की तस्करी और रंगदारी जैसे गंभीर अपराधों से जुड़े प्रकरण दर्ज हैं।
खबरें और भी
छह बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेने के बाद पुलिस अब फरार सातवें बाल अपचारी की तलाश में जुटी है। उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और आसपास के क्षेत्रों में सर्च अभियान जारी है।
सुरक्षा व्यवस्था की होगी समीक्षा
एसपी अमित कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं।
घटना के बाद सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था और ड्यूटी में लापरवाही को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस फरार बाल अपचारी को जल्द अभिरक्षा में लेने की कोशिश में जुटी है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।