Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    धार में रॉन्ग साइड से आए ट्रॉले ने कार को मारी टक्कर, 200 फीट तक घसीटा; महाकाल दर्शन कर गुजरात लौट रहे छह युवकों की मौत

    Updated: Sun, 09 Aug 2026 08:00 PM (GMT+05:30)

    उज्जैन में महाकाल दर्शन कर गोधरा लौट रहे छह दोस्तों की धार जिले के बदनावर में भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। रॉन्ग साइड से आए ट्रॉले ने कार को जोरदार ...और पढ़ें

    टक्कर के बाद ट्रॉले में फंसी कार।

    टक्कर के बाद ट्रॉले में फंसी कार।

    HighLights

    1. गोधरा के छह दोस्तों की धार में मौत।

    2. उज्जैन में महाकाल दर्शन कर लौट रहे थे।

    3. रॉन्ग साइड ट्रॉले ने कार को टक्कर मारी।

    डिजिटल डेस्क, इंदौर। उज्जैन में महाकाल दर्शन कर गोधरा लौट रहे छह दोस्तों की रविवार दोपहर धार जिले के बदनावर में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर ग्राम पंचकवासा के पास माताजी मंदिर के सामने तेज रफ्तार ट्रॉले ने रॉन्ग साइड से आकर सामने से कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

    टक्कर के बाद कार को घसीटता रहा ट्रॉला

    हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा ट्रॉले में फंस गया। इसके बाद ट्रॉला कार को करीब 200 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

    कार में फंसे मृतकों के शवों को बाहर निकालने के लिए पुलिस और राहत दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। ग्राइंडर मशीन की मदद से कार के दरवाजे और अन्य हिस्से काटकर शवों को बाहर निकाला गया।

    कार का नंबर जीजे 17-सीके 6134 बताया गया है। इसमें सवार सभी छह युवक गुजरात के गोधरा के निवासी थे और आपस में मित्र बताए जा रहे हैं।

    महाकाल दर्शन के बाद लौट रहे थे गोधरा

    जानकारी के मुताबिक सभी युवक शनिवार-रविवार की छुट्टी में उज्जैन आए थे। उन्होंने महाकाल मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद कार से गोधरा लौट रहे थे। इसी दौरान बदनावर क्षेत्र में उनकी कार की सामने से आ रहे ट्रॉले से भिड़ंत हो गई।

    यह भी पढ़ें- रतलाम में होमगार्ड पर हमला कर बाल सुधार गृह से भागे सात बाल अपचारी, छह को पकड़ा; एक की तलाश जारी

    हादसे में शामिल ट्रॉले का नंबर जीजे 39-टीबी 9248 है। बताया गया है कि ट्रॉले में मशीनरी भरी हुई थी। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि ट्रॉला रॉन्ग साइड में किस परिस्थिति में पहुंचा।

    खबरें और भी

    हादसे के बाद फोरलेन पर लगा जाम

    दुर्घटना के बाद उज्जैन-बदनावर फोरलेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

    पुलिस ने सभी मृतकों के शवों का पंचनामा तैयार कर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल के शवगृह पहुंचाया। पुलिस हादसे की विस्तृत जांच कर रही है।