इंदौर में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए 1 लाख युवाओं के रजिस्ट्रेशन का दावा, कांग्रेसियों ने मनाया जश्न
राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए एक लाख रजिस्ट्रेशन होने का दावा किया गया है। इस उपलब्धि ...और पढ़ें

भोलाराम उस्ताद मार्ग पर कांग्रेस नेताओं न मनाया जश्न।
HighLights
राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस में उत्साह।
1 लाख रजिस्ट्रेशन पर कांग्रेस नेताओं ने भंवरकुआं में जश्न मनाया।
19 सितंबर को इंदौर में होगा राहुल गांधी का छात्र संवाद।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ का आयोजन अभी दस दिन दूर है। हालांकि कांग्रेसी इससे पहले जश्न के मूड में आ गए हैं। आयोजन के लिए इंदौर से एक लाख रजिस्ट्रेशन होने का जश्न सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने मनाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ शहर के कांग्रेस नेता भंवरकुआं क्षेत्र में भोलाराम उस्ताद मार्ग पर पहुंचे। विद्यार्थी बहुल इस क्षेत्र में राहुल गांधी के कटआउट के साथ कांग्रेस नेताओं ने आतिशबाजी की। इसी बीच क्षेत्र में रहने वाले विद्यार्थियों को भी कांग्रेस ने न्योता दिया।
शुक्रवार से शुरू हुए थे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
युवा संवाद के इस आयोजन के तहत 19 सितंबर को राहुल गांधी इंदौर आ रहे हैं। शुक्रवार रात से आयोजन के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। सोमवार को कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 75 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। मंगलवार को यह आंकड़ा एक लाख तक पहुंचने का दावा किया गया।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे और जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के अनुसार 40 हजार रजिस्ट्रेशन कांग्रेस के कार्यकर्ता-पदाधिकारी युवाओं के बीच पहुंचकर करवा चुके हैं। इससे पहले देश में चार स्थानों कोटा, प्रयागराज, देहरादून और पुणे में भी राहुल गांधी का छात्र संवाद हो चुका है। पांचवां आयोजन इंदौर में होगा और अब उम्मीद है कि यहां शामिल होने वाले युवाओं की संख्या अन्य स्थानों से भी ज्यादा होगी।
पार्टी स्टाल लगाकर स्पॉट रजिस्ट्रेशन करेगी
15 सितंबर से 18 सितंबर तक कांग्रेस अब स्टाल लगाकर भी छात्रों की गूंज के लिए स्पॉट रजिस्ट्रेशन करेगी। कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष मुकेश यादव, युवा कांग्रेस के सरफराज खान के अनुसार ये स्टाल भंवरकुआं और भोलाराम उस्ताद मार्ग पर ही लगेंगे। इसमें विद्यार्थियों के लिए मुफ्त चाय और पोहे की व्यवस्था होगी।
हर स्टाल पर अन्य जगह हुए राहुल गांधी के छात्रों की गूंज के अंश भी प्रसारित किए जाएंगे। यहां पर विद्यार्थी इंदौर के आयोजन के लिए मोबाइल से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन भी कर सकेंगे।
