विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

‘दवा जहरीली, शराब जहरीली, पानी जहरीला… कहां है जवाबदेही?’ सागर शराब कांड पर राहुल गांधी का तीखा हमला; बोले- MP में सबसे भ्रष्ट सरकार

Published: Tue, 08 Sep 2026 08:46 PM (IST)

सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों पर राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ...और पढ़ें

राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राहुल गांधी ने सागर शराब कांड पर MP सरकार को घेरा।

  2. उन्होंने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

  3. MP में BJP सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। प्रदेश के सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब के सेवन से 20 से अधिक लोगों की मौत और सैकड़ों के बीमार होने की घटना को लेकर भोपाल से दिल्ली तक सियासत तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्य प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

राहुल गांधी ने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट कर मध्य प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शासन व्यवस्था और जवाबदेही को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है।

'एमपी में सबसे भ्रष्ट सरकार'

उन्होंने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि भारत की सबसे भ्रष्ट सरकार वाले राज्य मध्यप्रदेश में शासन नाम की कोई चीज़ बची ही नहीं। जहरीली शराब ने प्रदेश के सागर में अनेक लोगों की जान लेकर उन सभी घरों में मातम पहुंचा दिया है। मगर पूरे मध्यप्रदेश को पता है आगे क्या होगा - कुछ गिरफ्तारियां होंगी, कुछ अधिकारी सस्पेंड होंगे, जांच के आदेश होंगे...।

‘यह पहली बार नहीं’, पिछली घटनाओं का भी किया जिक्र

राहुल गांधी ने आगे लिखा कि ये पहली बार नहीं है। कुछ ही वक्त पहले इंदौर में दूषित पानी पीने से कई लोगों की मौत हुई। पिछले साल जहरीली कफ सिरप से जाने कितने छोटे बच्चों की जान चली गई।

दवा ज़हरीली। शराब ज़हरीली। पानी ज़हरीला। नए कानून बना दिए जाते हैं, लेकिन उन्हें किसी तहखाने में डाल दिया जाता है - अगले हादसे तक।

20 साल से BJP सरकार, हादसों की जवाबदेही कौन तय करेगा?

उन्होंने कहा कि 20 साल से ज्यादा समय से बीजेपी की सरकार मध्यप्रदेश में है। हादसे की कोई रोकथाम नहीं, उसके बाद नाम की कार्रवाई - कहां है जवाबदेही? आखिर कब तक लोगों की जान की कीमत सिर्फ हादसे के बाद की कार्रवाई होगी?

यह भी पढ़ें- सागर शराब कांड में 25 तक पहुंचा मृतकों का आंकड़ा, 200 से ज्यादा बीमार; सरपंच-ठेकेदार समेत 30 पर केस, सियासी कनेक्शन ने मचाई हलचल

‘लापरवाही या मिलीभगत जहां तक हो, वहां तक कार्रवाई हो’

राहुल गांधी ने सागर शराबकांड की निष्पक्ष जांच कराने और मौतों की पूरी सच्चाई सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि कार्रवाई केवल निचले स्तर के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।

राहुल गांधी ने मांग की कि जांच में यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत सामने आती है तो संबंधित लोगों की जिम्मेदारी तय की जाए।