मंदसौर में 'मानता का भोज' बना मुसीबत, लड्डू-बाफले खाने के बाद 35 लोगों की बिगड़ी तबीयत
मंदसौर जिले में एक धार्मिक कार्यक्रम में भोजन करने के बाद 30-35 लोग बीमार पड़ गए। लड्डू और बाफले खाने के बाद उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद स्वास ...और पढ़ें

लड्डू-बाफले खाने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ गई।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान परोसा गया भोजन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया। तुरकिया गांव में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भोजन करने के बाद करीब 30 से 35 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को उल्टी-दस्त की शिकायत हुई, जिनमें से चार की हालत कुछ ज्यादा बिगड़ गई।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गांव में सुंदरलाल विश्वकर्मा के यहां ‘मानता’ का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। रात में तैयार किए गए भोजन—जिसमें लड्डू और बाफले शामिल थे—को दोपहर में लोगों को परोसा गया। भोजन के बाद अचानक कई लोगों की तबीयत खराब होने लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और पंचायत भवन व मंदिर परिसर में ही प्राथमिक उपचार शुरू किया गया। गंभीर मरीजों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भेजा गया, जबकि अन्य का इलाज गांव में ही जारी है।
डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में फूड पॉइजनिंग के लक्षण सामने आए हैं। फिलहाल सभी मरीजों की स्थिति नियंत्रण में है और किसी की जान को खतरा नहीं है।
एहतियात के तौर पर गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात कर दी गई हैं और अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है, ताकि स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित रखा जा सके।