विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महाकाल मंदिर में कांवड़ियों का हंगामा, बैरिकेडिंग तोड़कर नंदी हाल में घुसने की कोशिश; 4 सुरक्षाकर्मी घायल

Published: Wed, 26 Aug 2026 04:57 PM (IST)Updated: Wed, 26 Aug 2026 08:15 PM (IST)

महाकाल मंदिर में ओंकारेश्वर से आए कांवड़ियों ने नंदी हॉल में प्रवेश को लेकर हंगामा किया, जिसमें बैरिकेडिंग तोड़ने और ...और पढ़ें

HighLights

  1. कांवड़ियों ने महाकाल मंदिर में नंदी हॉल प्रवेश पर हंगामा किया।

  2. बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश में चार सुरक्षाकर्मी घायल हुए।

  3. पुलिस ने 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

डिजिटल डेस्क, उज्जैन। महाकाल मंदिर में बुधवार को ओंकारेश्वर से आए कांवड़ियों ने नंदी हाल में प्रवेश को लेकर हंगामा कर दिया। कांवड़िए बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास करने लगे। इस दौरान मंदिर के सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो विवाद बढ़ गया। कांवड़ियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़प में चार सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इनमें दो के पैर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। घायलों को उपचार के लिए चरक अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से करीब 100 दर्शनार्थी डाक कांवड़ लेकर महाकाल मंदिर पहुंचे थे। बताया जाता है कि कांवड़ियों में शामिल कुछ लोगों ने नंदी हाल में प्रवेश करने का प्रयास किया। मंदिर में निर्धारित व्यवस्था के अनुसार सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। इस पर कांवड़िए आक्रोशित हो गए और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे।

दानपेटियों पर चढ़कर अंदर जाने का प्रयास

हंगामे के दौरान कुछ कांवड़िए मंदिर परिसर में लगी दानपेटियों पर भी चढ़ गए। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें नीचे उतारने और आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति संभालते हुए उत्पात करने वाले कांवड़ियों को पकड़ लिया और महाकाल थाने पहुंचाया।

MK kanwadiya hungama 214158

मारपीट में सुरक्षाकर्मी अभिषेक चौधरी के सिर में चोट लगी है। जबकि रोहित पाटीदार के पैर पर बैरिकेड गिरने के कारण पैर में फ्रेक्चर हो गया। वहीं, दो अन्य सुरक्षाकर्मियों को भी चोट लगी है। महाकाल पुलिस ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली कोर कंपनी के सुपरवाइजर प्रदीप पुत्र राजेश बाथम निवासी ग्राम रूई भैरवगढ़ की शिकायत पर इंदौर निवासी सचिन मराठा सहित 30 अन्य लोगों के खिलाफ धारा 191 (2), 115 (2), 296 (बी), 351 (3), 3 (5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया है।

यह भी पढ़ें- इंदौर में एक दिन पहले जहां फंसी थी शहर कांग्रेस अध्यक्ष की कार, उसी कीचड़ भरी सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन; महापौर पर साधा निशाना

बजरंग दल और विहिप लिखी टी-शर्ट पहने थे

पुलिस के अनुसार कांवड़ियों के समूह में शामिल कई लोग बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नाम वाली टी-शर्ट पहने हुए थे। पुलिस ने मामले में करीब 30 लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस अब घटना के दौरान बनाए गए वीडियो और मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठे सवाल

सावन-भादौ मास के दौरान महाकाल मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। ऐसे में कांवड़ियों के समूह द्वारा बैरिकेडिंग तोड़कर प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश के प्रयास से मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस और मंदिर प्रशासन घटना की जांच कर रहा है।