इंदौर में एक दिन पहले जहां फंसी थी शहर कांग्रेस अध्यक्ष की कार, उसी कीचड़ भरी सड़क पर बैठकर किया प्रदर्शन; महापौर पर साधा निशाना
इंदौर में बदहाल सड़कों को लेकर सियासत तेज हो गई है, जहां बॉम्बे अस्पताल की सर्विस रोड पर कांग्रेस अध्यक्ष ...और पढ़ें

दलदली सड़क पर समर्थकों संग बैठकर प्रदर्शन करते इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे।
HighLights
कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे की कार कीचड़ में फंसी।
बदहाल बॉम्बे अस्पताल सर्विस रोड पर किया विरोध प्रदर्शन।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव और निगम पर लगाए आरोप।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर में बदहाल सड़कों को लेकर सियासत तेज हो गई है। बॉम्बे अस्पताल की सर्विस रोड की हालत ऐसी है कि मंगलवार को शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे की कार भी गहरे कीचड़ में फंस गई। घटना के बाद चौकसे ने वीडियो जारी कर नगर निगम और महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर सड़क की बदहाली को लेकर निशाना साधा। बुधवार को वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और कीचड़ से भरी सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया।
कीचड़ में फंसी कार, स्थानीय लोगों ने निकाला
चौकसे के मुताबिक, वे किसी काम से इस मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान सर्विस रोड पर जमा गहरे कीचड़ और गड्ढों में उनकी कार के पहिए फंस गए। काफी प्रयास के बाद स्थानीय लोगों की मदद से कार को बाहर निकाला जा सका। इस दौरान कार पूरी तरह कीचड़ से सन गई और उन्हें भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
दो साल से खुदी सड़क, अब तक काम अधूरा
चौकसे ने आरोप लगाया कि करीब दो साल पहले ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए इस सड़क को खोदा गया था। इसके बाद से सड़क का काम लगातार अधूरा पड़ा है। उनका कहना है कि कागजों पर सड़क निर्माण की प्रक्रिया भले ही चल रही हो, लेकिन जमीन पर स्थिति जस की तस है।
उन्होंने कहा कि जब उनकी कार जैसी गाड़ी भी इस सड़क पर फंस सकती है, तो रोजाना यहां से गुजरने वाले हजारों दोपहिया वाहन चालकों की परेशानी का अंदाजा लगाया जा सकता है। आरोप है कि कीचड़ और गड्ढों के कारण आए दिन लोग फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं।
सड़क पर बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन
बुधवार को चौकसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क की बदहाली के विरोध में कीचड़ के बीच बैठकर प्रदर्शन किया और जिम्मेदार अधिकारियों से सड़क की स्थिति सुधारने की मांग की।
यह भी पढ़ें- देवास में पानी से भरे अंडरपास में फंसी स्कूल वैन, बच्चों की जान जोखिम में डाल भागा चालक; घबराकर छत पर बैठा छात्र
चौकसे ने महापौर पुष्यमित्र भार्गव पर निशाना साधते हुए कहा कि शहर में विकास के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन दो साल से खुदी पड़ी यह सड़क जमीनी हकीकत दिखा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिषद का कार्यकाल समाप्ति की ओर है, लेकिन शहर की कई सड़कों की हालत अब भी खराब बनी हुई है।
