विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवास में पानी से भरे अंडरपास में फंसी स्कूल वैन, बच्चों की जान जोखिम में डाल भागा चालक; घबराकर छत पर बैठा छात्र

Published: Tue, 25 Aug 2026 06:05 PM (IST)

देवास में तेज बारिश के बाद राजाराम नगर अंडरपास में पानी भरने से एक स्कूल मैजिक वाहन आठ बच्चों के ...और पढ़ें

HighLights

  1. देवास के राजाराम नगर अंडरपास में स्कूल वैन फंसी।

  2. आठ बच्चों को वाहन में छोड़कर चालक मौके से भागा।

  3. पुलिस और स्थानीय लोगों ने बच्चों को सुरक्षित बचाया।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। देवास में तेज बारिश के बाद मंगलवार सुबह राजाराम नगर अंडरपास बच्चों के लिए मुसीबत बन गया। पानी से लबालब अंडरपास में सिटी कान्वेंट स्कूल का मैजिक वाहन आठ बच्चों के साथ फंस गया। वाहन के अंदर तेजी से पानी भरने लगा तो बच्चों में घबराहट फैल गई। हालात बिगड़ने पर एक छात्र वाहन की छत पर जा बैठा।

आरोप है कि वाहन पानी में फंसने के बाद चालक बच्चों को अंदर ही छोड़कर मौके से चला गया। बच्चों को परेशान देखकर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और रहवासियों की मदद से बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

मैजिक वाहन बंद हुआ तो बच्चों में मची घबराहट

सोमवार को हुई तेज बारिश के बाद मंगलवार सुबह भी शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बनी हुई थी। इसी दौरान राजाराम नगर अंडरपास में काफी गहराई तक पानी भर गया। पानी में उतरते ही स्कूल मैजिक वाहन बंद हो गया। वाहन में आठ बच्चे बैठे थे। आरोप है कि वाहन बंद होने के बाद चालक नीचे उतरा और बच्चों को वाहन में ही छोड़कर वहां से चला गया। कुछ देर बाद वाहन के अंदर पानी बढ़ने लगा। इससे बच्चे घबरा गए और एक छात्र पानी से बचने के लिए मैजिक की छत पर जा बैठा।

van in underpass D 2141588

स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। वार्ड 11 के पार्षद प्रतिनिधि राहुल पवार सहित आसपास के रहवासी भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस और लोगों ने बच्चों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू शुरू किया।

यह भी पढ़ें- देवास में DJ की धुन पर नाच रहे श्रद्धालु की अचानक मौत, भोलेनाथ की सवारी से पहले दुखद घटना

पुलिस जीप से रस्सी बांधकर मैजिक वाहन को धक्का दिया गया। काफी मशक्कत के बाद वाहन को पानी से बाहर निकाला गया और उसमें सवार सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अंडरपास के दोनों छोर पर लगाए बैरिकेड

इस घटना के बाद पुलिस ने राजाराम नगर अंडरपास के दोनों छोर पर बैरिकेड लगाकर रास्ता बंद कर दिया, ताकि कोई अन्य वाहन जलभराव वाले हिस्से में न जाए। पुलिस ने स्कूल मैजिक वाहन को जब्त कर लिया है। वहीं चालक को हिरासत में लेकर मामले में पूछताछ की जा रही है।