देवास में DJ की तेज आवाज से भड़की मधुमक्खियों का तिरंगा यात्रा पर हमला, एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल
देवास में भाजपा की तिरंगा यात्रा के दौरान डीजे की तेज आवाज से मधुमक्खियां भड़क गईं और उन्होंने कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। इस हमले में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए, जिससे यात्रा में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में भर्ती घायल कार्यकता।
HighLights
भाजपा देवास ग्रामीण मंडल द्वारा निकाली गई तिरंगा यात्रा।
रालामंडल के समीप अचानक मधुमक्खियों के झुंड का हमला।
एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता मधुमक्खी के डंक से घायल।
डिजिटल डेस्क, देवास। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निकाली जा रही भाजपा ग्रामीण मंडल की तिरंगा यात्रा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डीजे की तेज आवाज व कंपन से पेड़ों पर मौजूद हजारों मधुमक्खियां भड़क उठीं और उन्होंने यात्रा में शामिल कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग सड़क से खेतों की ओर दौड़े और कीचड़ में गिरते-पड़ते नजर आए। मधुमक्खियों के डंक से एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
घायलों में कुछ को उपचार के लिए देवास जिला अस्पताल लाया गया, जहां एक की हालत थोड़ी गंभीर है। वहीं कई घायलों का इलाज विजयागंज मंडी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जबकि कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए उज्जैन रेफर किया गया है।
रालामंडल के पास अचानक हुआ हमला
वरिष्ठ भाजपा नेता भारत सिंह पटलावदा के अनुसार, तिरंगा यात्रा की शुरुआत विजयागंज मंडी से हुई थी। यात्रा को कई गांवों से होते हुए रालामंडल के रास्ते निष्कलंकेश्वर मंदिर पहुंचकर समाप्त होना था। रालामंडल से मंदिर की ओर बढ़ते समय रास्ते में पेड़ों के पास डीजे की तेज आवाज के कारण मधुमक्खियां भड़क गईं और देखते ही देखते उन्होंने लोगों पर हमला कर दिया।
संकरी गली की वजह से हुई मुश्किल
बताया गया कि सड़क संकरी और सिंगल होने के कारण लोगों को भागने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी। जान बचाने के लिए कई कार्यकर्ता सोयाबीन के खेतों में घुस गए। इस दौरान कई लोग कीचड़ में गिर गए, लेकिन मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए लगातार भागते रहे।
यह भी पढ़ें- MP Food Safety: हर 56वां खाद्य नमूना गुणवत्ता में फेल, दूध-पनीर से मिठाई तक उठे सवाल
अस्पताल पहुंचे भाजपा नेता
मधुमक्खियों के हमले में विजेंद्र सिंह पटलावदा, रिंकू समेत एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, भाजपा नेता जुगनू गोस्वामी और हितेंद्र सिंह बना समेत अन्य नेता जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने इमरजेंसी वार्ड में भर्ती घायलों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और उनके स्वास्थ्य की स्थिति जानी। हादसे के बाद तिरंगा यात्रा कुछ समय के लिए प्रभावित हुई।

