बड़वानी के बावनगजा जंगल में पेड़ पर लटके मिले महिला-पुरुष के शव, प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका
बड़वानी के बावनगजा जंगल में एक महिला और पुरुष के शव अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले, जिससे सनसनी ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मृतक धार जिले का और मृतका महाराष्ट्र की रहने वाली थी।
दो विवाहित थे, प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या की आशंका।
पुलिस हर एंगल से कर रही है मामले की जांच।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। बड़वानी शहर से सटे बावनगजा क्षेत्र के जंगल में सोमवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला और पुरुष के शव अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन दोनों ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान अर्जुन डावर निवासी करौली, जिला धार और शारदा निवासी जालना, महाराष्ट्र के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि दोनों पहले से विवाहित थे। पुलिस को दोनों के बीच परिचय और संबंध होने की जानकारी भी मिली है। इसी आधार पर पुलिस इस पहलू के साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
कुछ दिन पहले जंगल में मिली थी बाइक
पुलिस के अनुसार कुछ दिन पहले बावनगजा क्षेत्र में अर्जुन की बाइक लावारिस हालत में मिली थी। बाइक मिलने के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। सोमवार को जंगल में महिला और पुरुष के शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
दोनों शव अलग-अलग पेड़ों पर मिलने से पुलिस मामले को गंभीरता से ले रही है। घटनास्थल से संभावित साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और मृतकों के बारे में जानकारी जुटाने के लिए उनके परिजन व परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन के अनुसार मामले की जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के साथ ही दोनों मृतकों के आपसी संबंध, हालिया गतिविधियों और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों बावनगजा के जंगल तक कब और कैसे पहुंचे तथा उनकी मौत की वास्तविक वजह क्या थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
