इंदौर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, सिर पर पहिया चढ़ने से पत्नी की मौके पर मौत; शव गोद में लेकर बिलखता रहा पति
इंदौर के तेजाजी नगर में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी, जिससे 32 वर्षीय ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मारी।
पत्नी रेखा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
पति मनीराम पत्नी के शव को गोद में लेकर रोता रहा।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर के तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पति की आंखों के सामने उसकी पत्नी की जान ले ली। बाइक से जा रहे दंपती को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर जा गिरे, लेकिन ट्रक का पहिया 32 वर्षीय रेखा के सिर के ऊपर से गुजर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पत्नी की मौत से पति मनीराम बदहवास हो गया। वह कुछ देर तक सड़क पर ही रेखा को अपनी गोद में लेकर बैठा रहा और फूट-फूटकर रोता रहा। घटनास्थल का यह दृश्य देखकर वहां मौजूद राहगीर भी भावुक हो गए।
होमगार्ड मैदान के पास हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, हादसा होमगार्ड मैदान के समीप हुआ। मनीराम अपनी पत्नी रेखा को बाइक पर लेकर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आए ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पति-पत्नी सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रक का पहिया रेखा के सिर के ऊपर से निकल गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पत्नी को गोद में लेकर बैठा रहा पति
हादसे के बाद मनीराम ने जब पत्नी को गंभीर हालत में देखा तो वह सदमे में चला गया। उसने रेखा को अपनी गोद में उठा लिया और काफी देर तक सड़क पर बैठा रहा। वह लगातार रोता रहा और फोन कर स्वजन को हादसे की सूचना दी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे संभाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- इंदौर: भाई को राखी न बांध पाने के ताने पर भड़की जेठानी, 22 साल की देवरानी को चाकू से गोदा; टैंक में फेंकी लाश
ट्रक चालक की तलाश
सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने रेखा के शव को जिला अस्पताल भिजवाया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के बाद मौके से फरार हुए ट्रक चालक की तलाश कर रही है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सके।
