आलीराजपुर के आदिवासी छात्रावास में फंदे से लटका मिला 11वीं के छात्र का शव, सहपाठी छात्रों ने वार्डन पर लगाए गंभीर आरोप
आलीराजपुर के चांदपुर स्थित आदिवासी बालक छात्रावास में 11वीं के छात्र धूमेश क्लेश का शव फंदे से लटका मिला। सहपाठियों ने वार्डन पर शराब पीकर रैगिंग करने ...और पढ़ें

छात्र ने लगाई फांसी। (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
आलीराजपुर छात्रावास में 11वीं के छात्र का शव फंदे से मिला।
सहपाठियों ने वार्डन पर रैगिंग और धमकी देने का आरोप।
मृतक के कमरे से सुसाइड नोट बरामद, पुलिस जांच में जुटी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। आलीराजपुर जिले में चांदपुर स्थित शासकीय सीनियर आदिवासी बालक छात्रावास में 11वीं कक्षा के छात्र धूमेश क्लेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रविवार को उसका शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद छात्रावास में सनसनी फैल गई। सहपाठी छात्रों ने वार्डन पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह रात में शराब पीकर आते थे और रैगिंग करते थे। शिकायत करने पर फेल कराने की धमकी देते थे।
पुलिस ने बरामद किया सुसाइड नोट
वहीं पुलिस ने मृतक के कमरे से सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें दिनेश और रमेश के नाम का जिक्र करते हुए लिखा है कि यह लोग धूमेश को जीने नहीं दे रहे थे। दिनेश और रमेश कौन हैं? पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है। छात्रावास में लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस विधायक सेना पटेल ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
यह भी पढ़ें- रतलाम में होमगार्ड पर हमला कर बाल सुधार गृह से भागे सात बाल अपचारी, छह को पकड़ा; एक की तलाश जारी
छात्रावास में रहते हैं 50 छात्र
बता दें कि छात्रावास में 9वीं से 12वीं तक के करीब 50 छात्र रहते हैं। साथी छात्रों के मुताबिक, घटना के समय कमरे में धूमेश के साथ नितिन और लाल सिंह भी थे, दोनों अभी लापता हैं। वहीं सुसाइड नोट पर लिखा है कि -आई हेट यू सर... मिस यू पापा, मिस यू मीनाक्षी वाइफ, भाई महेश व धर्मेश। मां मुझे बहुत दर्द होगा, लेकिन दिनेश व रमेश मुझे जीने नहीं दे रहे हैं। तुमको लगता है मीनाक्षी के लिए मर रहा है। मैं उसके लिए नहीं जा रहा हूं। मरने जा रहा हूं, गुड बाय। मेरे घर वालों को कुछ नहीं करना।