‘चूड़ी पहनकर बैठ जाओ...’, जनसंवाद में भाजपा नेताओं को तवज्जो पर भड़कीं श्योपुर जनपद अध्यक्ष; अधिकारियों को सुनाई खरी-खोटी
श्योपुर के रायपुरा गांव में मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान श्योपुर जनपद अध्यक्ष रेनू मीणा भाजपा नेताओं को तवज्जो देने ...और पढ़ें

जनसंवाद कार्यक्रम में अधिकारियों के रुख पर भड़कीं जनपद अध्यक्ष रेनू मीणा।
HighLights
जनसंवाद में श्योपुर जनपद अध्यक्ष रेनू मीणा अधिकारियों पर भड़कीं।
भाजपा नेताओं को तवज्जो देने पर चापलूसी का आरोप लगाया।
भाजपा ने रेनू मीणा के बयानों को अभद्र और अशोभनीय बताया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। जिला मुख्यालय से सटे हुए रायपुरा गांव में शनिवार को आयोजित किए गए मुख्यमंत्री जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान श्योपुर जनपद पंचायत की अध्यक्ष रेनू मीणा उस समय भड़क उठीं, जब भाजपा के जनप्रतिनिधियों ने लोगों की समस्याओं के समाधान के दौरान सरकार की उपलब्धि गिनाना शुरु कर दीं और अच्छे कार्य के लिए प्रमाणपत्र वितरित करने लगे।
मौके पर मौजूद अधिकारियों के द्वारा भाजपा के जनप्रतिनिधियों को तवज्जो देता देख उनसे रहा नहीं गया। उन्होंने अधिकारियों पर भाजपा नेताओं की चापलूसी करने के आरोप लगाया और नाराजगी जाहिर करते हुए तीखे शब्दों में कहा कि चूड़ी पहनकर बैठ जाओ। अरे अधिकारी हो, अधिकारी की तरह रहो। ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, ट्रांसफर हो जाएगा। उन्होंने अधिकारियों के लिए यहां तक कह दिया कि नेताओं को देखकर ऐसे खडे हो जाते हैं, जैसे तुम्हारा बाप आ गया हो।
भाजपा नेता बोले- विपक्ष के पेट में क्यों दर्द हो रहा
जनपद अध्यक्ष रेनू मीणा के इस तरह के बयानों को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य महावीर सिंह सिसोदिया ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि लोगों की समस्याओं का समाधान करने के लिए अगर सरकार उनके द्वार तक जा रही है, तो इसमें विपक्ष के लोगों के पेट में दर्द तो नहीं होना चाहिए।
हमारी सरकार विकास कर रही है और लोगों की समस्याओं को जनसुनवाई में नहीं बल्कि उनके द्वार पर पहुंचकर समाधान करा रही है। गजराज अपनी चाल चल रहा है, इसमें कोई भौंके तो क्या फर्क पड़ता है। यह तो वही बात हो गई कि, सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।
यह भी पढ़ें- ‘लेके पहला-पहला प्यार...’ पर थिरकीं श्योपुर कलेक्टर, सोशल मीडिया पर छाया वीडियो; लोग कर रहे जमकर सराहना
जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देती अभद्र भाषा : भाजपा जिलाध्यक्ष
वहीं इस बारे में भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक भूषण का कहना है कि लोगों की समस्याओं को सुनना और अधिकारियों से उन समस्याओं का समाधान कराना हमारा दायित्व है। हमारी सरकार चहुंमुखी विकास करा रही है, जिसे हम जनता के बीच पहुंचकर उन्हें बता रहे हैं तो इसमें क्या गलत कर रहे हैं। जनपद अध्यक्ष ने अभद्र भाषा का उपयोग किया है, यह एक जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता।
