‘डेढ़ लाख के सोने में 10-15 हजार नहीं मिले तो…’ मुरैना में हेड कांस्टेबल की वकील से बातचीत का ऑडियो वायरल; चालान पेश करने मांगी घूस
मुरैना पुलिस महकमे में एक हेड कांस्टेबल और वकील के बीच बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ है, जिसमें चोरी के ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
मुरैना पुलिस में हेड कांस्टेबल का ऑडियो वायरल।
चोरी के सोने के चालान के लिए मांगी घूस।
वकील से बातचीत में पैसों की मांग का खुलासा।
डिजिटल डेस्क, मुरैना। मुरैना पुलिस महकमे में गुरुवार को एक ऑडियो वायरल होने के बाद हलचल मच गई। ऑडियो में जौरा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक नीरज सिंह तोमर और ग्वालियर के एक वकील के बीच बातचीत होने का दावा किया जा रहा है। बातचीत में चोरी हुए सोने की जब्ती और कोर्ट में चालान पेश करने के बदले कथित तौर पर पैसों की मांग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि वकील ने वाट्सएप कॉल के दौरान दूसरे मोबाइल से बातचीत का वीडियो रिकॉर्ड किया। इसके बाद यह रिकॉर्डिंग सामने आई। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और उसमें सुनाई दे रही आवाज की पहचान भी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं की गई है।
चोरी के सोने की जब्ती में चालान पेश करने का मामला
मामला चोरी गए सोने की जब्ती और मामले में चालान पेशी का बताया गया है। कोर्ट में चालान पेश करने के एवज में पुलिसकर्मी पांच हजार मांग रहा है और कह रहा है कि डेढ़ लाख के सोने में हमें 10-15 हजार नहीं मिले तो भाड़ में जाए ऐसी थानेदारी।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर: पति की प्रेमिका से बातचीत पत्नी ने म्यूजिक सिस्टम पर पूरे मोहल्ले को सुनाई, प्रेमिका ने जहर खाकर दे दी जान
वायरल ऑडियो के प्रमुख अंश
पुलिसकर्मी - प्रभारी पंकज यादव से पूछ लिया है, दूसरे पक्ष के आवेदन का इंतजार कर रहे हैं
वकील - उनका सोना निकल आएगा तो 10 हजार तक कर देंगे
पुलिसकर्मी- सोना निकल आएगा तब उसका अलग बता देंगे। पहले सोना निकालना है, उसके लिए उसकी तुड़ाई करनी है।
वकील - चालान में कितना, दो-ढाई हजार दिलवा दूं
पुलिसकर्मी- आप तो सब जानते ही हो अधिकारी बिना पैसों के साइन नहीं करेगा
वकील - मेरे मिलने वाले हैं, निवेदन है कि जैसे ही सोना निकलेगा, आप आदेश करोगे वैसे ही 20-25 करा दूंगा।
पुलिसकर्मी - सोने पर तो वह रहेगा ही, पर चालान पर भी चलता है।
वकील - चालान के 100-200 कोर्ट में हम दे देंगे।
पुलिसकर्मी - नहीं कोर्ट में अलग रहेगा, यहां थाने में भी अलग देने होते हैं।
वकील - मैं थाना प्रभारी से बात कर लूं।
पुलिसकर्मी - पंकज यादव साहब हैं, वह क्यों बात करेंगे। देख लो कितने कर सकते हैं, पांच-छह तो बोल ही रहे थे ना। ऐसा है एक-डेढ़ लाख के सोने में 10-15 करेंगे तो भाड़ में जाए ऐसी थानेदारी हमें करनी थोड़े है।
वकील - अगर चार-पांच लाख का सोना होता तो 20-30 हजार रुपये आपके हो जाएंगे।
पुलिसकर्मी - हां हो जाएंगे उन्हें तोड़ेंग भी। पहले चालान पेश करना है, उसके लिए चाहिए।
वकील - मैं दो हजार दिला दूंगा।
पुलिसकर्मी - इतने से कुछ नहीं होता, एक हजार रुपये तो कंप्यूटर वाला ले लेता है, अब थोड़ा देख लो यार, या कुछ तो मत दो, समझ लेंगे कि हमारे भाई का बर्थडे गिफ्ट हो गया। अगर करे तो उनसे पांच करा दो। दो उधर (थाना प्रभारी) चले जाएंगे। एक कंप्यूटर वाले, एक कोर्ट मुंशी धर्मेंद्र भदौरिया को दे दूंगा। आप तो कल नौ बजे तक यहां आ जाओ, मैं अपनी डायरी कंपलीट करके वहीं मिलूंगा। तनख्वाह सरकार दे रही है। अगर आप कुछ भी न दें, तब भी मैं आपका काम कर दूंगा। आपसे संबंध ही ऐसे बन गए हैं।
