कूनो से लापता चीता निर्वा 13 दिन बाद खेतों में स्वस्थ मिली, नई कॉलर आईडी लगाकर फिर जंगल में छोड़ा
कूनो नेशनल पार्क से 13 दिन से लापता मादा चीता निर्वा आखिरकार रिहाइशी इलाके के पास खेतों में स्वस्थ मिली। ...और पढ़ें

रिहाइशी इलाकों के पास खेत में मिली निर्वा चीता। (सौजन्य-कूनो प्रबंधन)
HighLights
निर्वा चीता की तलाश में जुटी थी पांच टीमें।
रिहाइशी क्षेत्र से लगे खेतों में स्वस्थ पाई गई।
नई कॉलर आईडी लगाकर जंगल में दोबारा छोड़ा।
डिजिटल डेस्क, श्योपुर। कूनो नेशनल पार्क से 20 अगस्त से लापता मादा चीता निर्वा आखिरकार बुधवार को वन विभाग की टीमों को मिल गई। सैटेलाइट कॉलर आईडी से लोकेशन मिलना बंद होने के बाद बीते 13 दिनों से उसकी तलाश में जुटा कूनो प्रबंधन आखिरकार उसे खोजने में सफल रहा। निर्वा जंगल में पूरी तरह स्वस्थ हालत में मिली है।
वन विभाग के मैदानी अमले और चिकित्सकों ने निर्वा पर काफी देर तक नजर रखकर उसकी सेहत का आकलन किया। उसकी स्थिति सामान्य पाए जाने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। भविष्य में उसकी लोकेशन ट्रैक करने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए डॉक्टरों की मौजूदगी में उसे बेहोश कर पुरानी कॉलर आईडी हटाई गई और नई सैटेलाइट कॉलर आईडी लगाई गई। स्वास्थ्य जांच पूरी होने के बाद करीब एक से दो घंटे में उसे दोबारा जंगल में स्वतंत्र रूप से घूमने के लिए छोड़ दिया गया।
पांच टीमें, ड्रोन और सीसीटीवी से हुई तलाश
निर्वा के लापता होने के बाद कूनो प्रबंधन ने उसकी तलाश के लिए पांच अलग-अलग टीमों को जंगल में उतारा था। टीमों ने लगातार सर्चिंग के साथ सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों की मदद भी ली। इसके अलावा कूनो के अधिकारियों ने उन स्थानों पर भी निगरानी बढ़ाई, जहां वन्यजीवों के शिकार यानी किल के आसपास निर्वा के पहुंचने की संभावना थी।
एक भेड़ और एक हिरण के किल के आसपास निर्वा की मौजूदगी के संकेत भी मिले थे, लेकिन वन विभाग इन संकेतों से पूरी तरह संतुष्ट नहीं था। इसके बाद वाइल्डलाइफ विशेषज्ञों और कूनो प्रबंधन ने चीता प्रोजेक्ट के अनुभव का इस्तेमाल करते हुए तलाश का दायरा बढ़ाया।
साथ रहने वाले चीतों के व्यवहार से मिली दिशा
निर्वा के साथ रहने वाले दूसरे चीतों की गतिविधियों पर भी बारीकी से नजर रखी गई। टीमों ने यह समझने की कोशिश की कि दूसरे चीते निर्वा की गंध महसूस करने के बाद किस दिशा में जा रहे हैं। इसी के साथ कई अन्य संभावित पहलुओं को जोड़कर सर्च ऑपरेशन आगे बढ़ाया गया।
लगातार कई दिनों की मेहनत और रणनीतिक तलाश के बाद आखिरकार वन विभाग की टीमों को निर्वा का पता लगाने में सफलता मिल गई। फिलहाल वह कूनो प्रबंधन की निगरानी में है और पूरी तरह स्वस्थ बताई जा रही है।
रिहाइशी क्षेत्र से लगे खेतों में मिली निर्वा
बताया गया है कि निर्वा कूनो नेशनल पार्क से बाहर निकलकर रिहाइशी इलाके से लगे खेतों तक पहुंच गई थी। इस दौरान उसके खेतों में घूमने का वीडियो भी सामने आया है। लोकेशन ट्रैकिंग दोबारा बाधित न हो, इसे देखते हुए विभाग ने नई कॉलर आईडी लगाने का फैसला किया।
यह भी पढ़ें- कूनो में फिर बढ़ी चिंता: एक सप्ताह से लापता निर्वा का नहीं मिला सुराग, 100 से ज्यादा वनकर्मी सर्चिंग में जुटे
वाइल्डलाइफ की पीसीसीएफ डॉ. समीता राजोरा ने निर्वा के स्वस्थ मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सैटेलाइट कॉलर आईडी से लोकेशन मिलना बंद होने के बाद निर्वा को तलाशना वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती थी, लेकिन टीमों की लगातार मेहनत से उसे सुरक्षित खोज लिया गया। उन्होंने कहा कि चीता पूरी तरह सुरक्षित और स्वस्थ है।
