पाकिस्तान की विजया ने ग्वालियर के विपिन संग लिए सात फेरे, अब विवाह पंजीयन अटका; दूतावास की रिपोर्ट का इंतजार
पाकिस्तान की विजया और ग्वालियर के विपिन छाबड़ा का विवाह मार्च 2026 में हुआ, लेकिन अब विवाह पंजीयन प्रशासनिक प्रक्रिया ...और पढ़ें

-सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पाकिस्तान के सिंध से आकर भारत में बसा था विपिन का परिवार।
कई रिश्तेदार अब भी पाकिस्तान में बसे हें, फिर से जोड़ा रिश्ता।
पाकिस्तानी दूतावास की रिपोर्ट के बाद होगा विवाह का पंजीयन।
वरुण शर्मा, ग्वालियर। पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली विजया और मध्य प्रदेश के ग्वालियर निवासी विपिन छाबड़ा का हिंदू रीति-रिवाज से हुआ विवाह अब प्रशासनिक प्रक्रिया के कारण चर्चा में है। दोनों ने मार्च 2026 में ग्वालियर के डबरा में विवाह किया था। अब विवाह का आधिकारिक पंजीयन कराने के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में आवेदन दिया गया है।
विवाह पंजीयन की प्रक्रिया में प्रशासन ने विजया की नागरिकता और अन्य विवरणों की पुष्टि के लिए पाकिस्तान दूतावास से रिपोर्ट मांगी है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही पंजीयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
सिंध प्रांत की रहने वाली है विजया
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजया पाकिस्तान के सिंध प्रांत के शिकारपुर जिले की निवासी है। वहीं विपिन छाबड़ा का परिवार मूल रूप से सिंध से ही भारत आया था। परिवार के कई रिश्तेदार अब भी पाकिस्तान में रहते हैं।
बताया गया कि उनकी शादी से कुछ समय पहले पाकिस्तान से एक परिवार भारत आया था। इसी दौरान दोनों परिवारों के बीच रिश्ते की बातचीत शुरू हुई। रिश्तेदारों की पहल पर विपिन और विजया का रिश्ता तय हुआ।
पांच माह पहले डबरा में हुआ विवाह
रिश्ता तय होने के बाद दोनों का विवाह मार्च 2026 में ग्वालियर जिले के डबरा में ठाकुर बाबा रोड स्थित एक मैरिज गार्डन में हिंदू रीति-रिवाज से हुआ। विवाह के बाद अब दोनों ने इसे विधिवत पंजीकृत कराने के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में आवेदन किया है।
यह भी पढ़ें- एक्सप्रेस-वे की मिट्टी में ‘खजाना’! ब्रिटिशकालीन चांदी के सिक्के मिलने की खबर से मुरैना के गांव में मची लूट जैसी होड़
प्रशासन ने मांगी पाकिस्तानी दूतावास से रिपोर्ट
विवाह पंजीयन के आवेदन के बाद प्रशासन ने विजया की नागरिकता और अन्य जरूरी विवरणों की पुष्टि के लिए पाकिस्तान दूतावास को पत्र भेजा है। दोनों पक्षों की ओर से शपथ पत्र भी प्रस्तुत किए गए हैं। इनमें विवाह से संबंधित जानकारी के साथ दो-दो गवाहों का विवरण भी दिया गया है।
अपर जिला मजिस्ट्रेट चंद्रभूषण प्रसाद ने बताया कि विवाह पंजीयन की प्रक्रिया दूतावास की रिपोर्ट मिलने के बाद आगे बढ़ाई जाएगी। फिलहाल प्रशासन रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।
