ग्वालियर स्टेशन पर बाली चोरी के शक में युवक के हाथ बांधकर यात्रियों ने पीटा, Video वायरल; कार्रवाई न होने पर एसआई निलंबित
ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर एक महिला यात्री की बाली चोरी के संदेह में यात्रियों ने एक युवक को पीट दिया, जिसका वीडियो वायरल हो गया। घटना के बाद जीआरपी की ...और पढ़ें

युवक से मारपीट (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
ग्वालियर स्टेशन पर बाली चोरी के संदेह में युवक की पिटाई।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे।
लापरवाही पर जीआरपी के एक एसआई को निलंबित किया गया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर महिला यात्री की कान की बाली चोरी के संदेह में एक युवक की यात्रियों द्वारा पिटाई का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे हैं। मामले का संज्ञान लेते हुए एडीजी रेल ने रिपोर्ट तलब की है और प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर एक एसआई को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब चार बजे झेलम एक्सप्रेस ग्वालियर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंची। इसी दौरान भीड़भाड़ में एक महिला यात्री ने आरोप लगाया कि ट्रेन में चढ़ते समय उसके कान की बालियां खींच ली गईं। महिला का दावा है कि विदिशा निवासी एक युवक ने भीड़ का फायदा उठाकर बालियां निकालकर किसी अन्य व्यक्ति को सौंप दीं।
घटना के समय आरोपित युवक अपनी पत्नी और करीब एक वर्षीय बच्चे के साथ मौजूद था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुद को छुड़ाकर भागने की कोशिश के दौरान युवक ने बच्चे को पटकने का भी प्रयास किया। इसके बाद मौजूद यात्रियों ने उसे पकड़ लिया, उसके हाथ बांध दिए और जमकर मारपीट की।
घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने दोनों पक्षों को कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया। हालांकि, आरोप है कि जीआरपी ने तत्काल कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की। मामला सामने आने और वीडियो वायरल होने के बाद एडीजी रेल राजाबाबू सिंह ने एसपी रेल से विस्तृत रिपोर्ट मांगी और संबंधित एसआई चेतन करोलिया को निलंबित कर दिया।
खबरें और भी
यह भी पढ़ें- 'जाने कहां चले गए मेरे लड्डू गोपाल...' महिला की करुण पुकार पर हरकत में आई ग्वालियर पुलिस; तलाश के लिए SIT गठित
रेलवे पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की विभागीय जांच कराई जा रही है। साथ ही वायरल वीडियो के आधार पर युवक के साथ मारपीट करने वाले लोगों की पहचान की जा रही है। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।