Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    'जाने कहां चले गए मेरे लड्डू गोपाल...' महिला की करुण पुकार पर हरकत में आई ग्वालियर पुलिस; तलाश के लिए SIT गठित

    Updated: Wed, 01 Jul 2026 08:02 PM (IST)

    ग्वालियर पुलिस ने एक अनोखे मामले में पांच महीने से लापता लड्डू गोपाल की तलाश के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। अलकापुरी निवासी विजया शर्मा ...और पढ़ें

    लड्डू गोपाल की तलाश में जुटी पुलिस। (प्रतीकात्मक चित्र)

    लड्डू गोपाल की तलाश में जुटी पुलिस। (प्रतीकात्मक चित्र)

    HighLights

    1. ग्वालियर पुलिस पांच महीने से लापता लड्डू गोपाल की तलाश में जुटी।

    2. आईजी के निर्देश पर तीन थानों की एसआईटी गठित की गई।

    3. विजया शर्मा अपने आराध्य के बिना खुद को अधूरा मानती हैं।

    डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर पुलिस इन दिनों एक ऐसे मामले की जांच कर रही है, जो आम आपराधिक मामलों से बिल्कुल अलग है। यहां तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस को मिलाकर गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) किसी अपराधी, चोरी हुए जेवर या नकदी की तलाश में नहीं, बल्कि पांच महीने से लापता लड्डू गोपाल की खोज में जुटा है। श्रद्धा और आस्था से जुड़े इस अनोखे मामले ने पुलिस महकमे के साथ-साथ शहरभर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

    सब्जी बाजार से लापता हुए थे लड्डू गोपाल

    अलकापुरी निवासी विजया शर्मा के अनुसार, वह अपने आराध्य लड्डू गोपाल को हमेशा अपने साथ रखती हैं। 29 जनवरी को वह सब्जी खरीदने बाजार गई थीं। इसी दौरान उनके लड्डू गोपाल कहीं गुम हो गए। इसके बाद उन्होंने हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल सका।

    आईजी कार्यालय तक लगाई गुहार

    विजया शर्मा ने लड्डू गोपाल की तलाश के लिए संबंधित थाने से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) और पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कार्यालय तक कई बार गुहार लगाई। उनका कहना है कि वह अपने आराध्य के बिना खुद को अधूरा महसूस करती हैं और पिछले पांच महीनों से लगातार उनकी तलाश में भटक रही हैं।

    उनकी भावनाओं और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए ग्वालियर रेंज के आईजी अरविंद सक्सेना ने तीन थानों की पुलिस को शामिल कर विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने के निर्देश दिए।

    आईजी ने की पुष्टि

    आईजी अरविंद सक्सेना ने पुष्टि की है कि पुलिस एसआईटी के माध्यम से लड्डू गोपाल की तलाश कर रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाने के साथ उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- साइबर ठगी में नासिक का बड़ा लोहा कारोबारी भी शामिल, ग्वालियर में बुजुर्ग महिला को 33 दिन डिजिटल अरेस्ट कर ठगे थे 1.58 करोड़

    बचपन से जुड़ी है आस्था

    विजया शर्मा बताती हैं कि उनका पैतृक गांव भिंड जिले के लहार क्षेत्र के पास है, जहां राधा-कृष्ण का एक प्राचीन मंदिर है। बचपन से ही उनकी भगवान श्रीकृष्ण के प्रति गहरी आस्था रही है। उनका कहना है कि उन्होंने बचपन से लड्डू गोपाल की सेवा की है और उन्हें परिवार के सदस्य की तरह अपने साथ रखा है।

    उनके अनुसार, लड्डू गोपाल के गुम होने के बाद से वह मानसिक रूप से बेहद व्यथित हैं और हर दिन उनके वापस मिलने की प्रार्थना कर रही हैं।