Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    साइबर ठगी में नासिक का बड़ा लोहा कारोबारी भी शामिल, ग्वालियर में बुजुर्ग महिला को 33 दिन डिजिटल अरेस्ट कर ठगे थे 1.58 करोड़

    Updated: Mon, 29 Jun 2026 08:40 PM (IST)

    ग्वालियर में बुजुर्ग महिला से 1.58 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में नासिक के एक बड़े लोहा कारोबारी को गिरफ्तार किया गया है। जांच में उसके खाते मे ...और पढ़ें

    आरोपित गिरफ्तार (प्रतीकात्मक चित्र)

    आरोपित गिरफ्तार (प्रतीकात्मक चित्र)

    HighLights

    1. ग्वालियर में बुजुर्ग महिला से 1.58 करोड़ की ठगी।

    2. नासिक का लोहा कारोबारी विट्ठल वलसे गिरफ्तार।

    3. खाते में 1.10 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन मिले।

    डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। ग्वालियर में बुजुर्ग महिला को डिजिटल अरेस्ट कर 1.58 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में मध्य प्रदेश पुलिस को जांच में नासिक के बड़े लोहा कारोबारी विट्ठल हरिवल्लभ वलसे की भूमिका भी मिली है। उसके बैंक खाते में ठगी की धनराशि में से 19.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

    खाते में 1.10 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन

    जांच में पाया गया है कि ठगी की धनराशि कई राज्यों के खातों में भेजी गई थी। पुलिस को गिरफ्तार लोहा कारोबारी के खाते में 1.10 करोड़ रुपये के अतिरिक्त संदिग्ध ट्रांजेक्शन भी मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह रकम भी देश के अलग-अलग हिस्सों में की गई इसी तरह की साइबर ठगी से जुड़ी हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

    सीबीआई अधिकारी बनकर डराया, की ठगी

    बता दें कि पिछले दिनों सेवानिवृत्त लैब टेक्नीशियन मीनाक्षी नाखरे के पास अंजान नंबर से वीडियो कॉल आई थी। जिसमें ठग ने खुद को सीबीआई का अधिकारी बताया था। वह वर्दी में नजर आ रहा था। उसने मनी लांड्रिंग केस में और काला धन होने की धमकी देकर बुजुर्ग को 33 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखा। उनसे 1.58 करोड़ रुपये की ठगी की थी। क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर दर्ज हुई थी।

    एफडी तुड़वाई, गोल्ड लोन की रकम भी हड़पी

    क्राइम ब्रांच प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि पीड़िता ने चार एफडी तुड़वाकर रकम एकत्र की। इसे ठगों ने ले लिया फिर बैंक में सोना भी गिरवी रखवाया। गहने गिरवी रख 19 लाख रुपये का लोन उन्होंने लिया था। यह पैसा भी ठगों के खातों में भेजा। ठग उन पर मकान बेचने का भी दबाव बना रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपने बेटे को मामला बताया। तब पीड़ित परिवार पुलिस तक पहुंचा।

    खबरें और भी

    यह भी पढ़ें- ग्वालियर में 250 रुपये के विवाद में दरिंदगी: मारपीट के बाद युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर

    तीन लेयर में रकम हुई ट्रांसफर

    क्राइम ब्रांच की टीम ने जब पड़ताल की तो सामने आया कि 11 राज्या में पहली लेयर में चार करंट बैंक खातों में रकम भेजी गई। इसके बाद दूसरी और तीसरी लेयर में 129 बैंक खातों में रकम पहुंची। पुलिस तीनों लेयर के बैंक खातों की जानकारी निकलवा रही है। जिन राज्यों में ठगी की रकम गई है उनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, बंगाल, उप्र, हरियाणा, दिल्ली, मप्र, बिहार, झारखंड, गुजरात, ओडिशा, राजस्थान शामिल हैं।

    डिजिटल अरेस्ट कर 1.58 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में एक आरोपित को नासिक से गिरफ्तार किया है। उसने करंट खाता ठगों को उपलब्ध कराया था। इसमें 19.50 लाख रुपये पहुंचे थे। इसके बाद यह पैसा निकालकर ठगों तक पहुंचा दिया।
    - धर्मवीर सिंह, एसएसपी,