ग्वालियर में इंजीनियरिंग स्टूडेंट निकला हाईटेक चोर गिरोह का मास्टरमाइंड, बीहड़ों में छिपाया सोना-चांदी, 94 लाख का माल बरामद
ग्वालियर पुलिस ने सूने मकानों को निशाना बनाने वाले एक हाईटेक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें एक इंजीनियरिंग छात्र मास्टरमाइंड निकला। पुलिस ने गि ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में आरोपित (प्रतीकात्मक चित्र)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। सूने मकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी करने वाले हाईटेक गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। ग्वालियर की इंदरगंज थाना पुलिस ने गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर करीब 94 लाख 25 हजार रुपये मूल्य का चोरी का माल बरामद किया है। इसमें 300 ग्राम सोना, साढ़े 14 किलो चांदी, नकदी और चोरी के पैसों से खरीदी गई आई-20 कार शामिल है। पुलिस इसे वर्ष 2026 की सबसे बड़ी रिकवरी मान रही है। आरोपित सोना-चांदी सहित अन्य सामान पनिहार टोल प्लाजा के आगे बीहड़ क्षेत्र में गड्ढे में छिपा दिया था।
पांच मई को की थी वारदात
पुलिस के अनुसार पांच मई को इंदरगंज निवासी अजय शंकर मित्तल के सूने मकान का ताला तोड़कर चोर लाखों रुपये के जेवरात व अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरोह तक पहुंची और आरोपितों को गिरफ्तार किया।
जल्द अमीर बनने चुनी अपराध की राह
जांच में पता चला कि गिरोह का सरगना विवेक प्रजापति कंप्यूटर इंजीनियरिंग का छात्र रहा है। बहुत जल्द अधिक पैसा कमाने की चाहत में उसने अपराध का रास्ता चुना और साथियों के साथ मिलकर संगठित गिरोह तैयार कर लिया। गिरोह के सदस्य रेकी करने के बाद ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जहां परिवार कई दिनों तक बाहर रहता था।
48 घंटे तक किया गुमराह
पुलिस के अनुसार, विवेक साथियों और स्वजन से संपर्क के लिए मोबाइल काल या मैसेजिंग एप के बजाय इंस्टाग्राम कॉल और सीक्रेट चैट फीचर उपयोग करता था। ताकि पुलिस उसकी गतिविधियों और लोकेशन को आसानी से ट्रैक न कर पाए। वह गिरफ्तारी के बाद भी करीब 48 घंटे तक गुमराह करता रहा।
खबरें और भी
उसके साथी फरमान खान से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने चोरी का माल बरामद किया। पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में सराफा कारोबारी विवेक सोनी को भी गिरफ्तार किया है। सीएसपी रोबिन जैन के मुताबिक मामले में विवेक प्रजापति, फरहान खान, आकाश माहौर, मयूर राठौर, एक नाबालिग और विवेक सोनी को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है।