ग्वालियर में 250 रुपये के विवाद में दरिंदगी: मारपीट के बाद युवक पर पेट्रोल डालकर लगाई आग, हालत गंभीर
ग्वालियर के थाटीपुर में 250 रुपये के पेट्रोल भुगतान विवाद में एक युवक को बेरहमी से पीटा गया और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई, जिससे वह 60% झुलस गया। ...और पढ़ें

आग की लपटों से घिरा युवक (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
थाटीपुर इलाके में बाइक से आए तीन बदमाशों ने की वारदात।
युवक से खरीदा था एक बोतल पेट्रोल, रुपये लेनदेन पर विवाद।
पुलिस ने दो आरोपितों को पकड़ा, एक की तलाश जारी।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। शहर के थाटीपुर क्षेत्र में महज 250 रुपये के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पेट्रोल बेचने वाले एक युवक पर तीन युवकों ने पहले बेरहमी से हमला किया और फिर उसे पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसा युवक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
यह है घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार हजीरा थाना क्षेत्र की पीएचई कॉलोनी निवासी आकाश सेंगर थाटीपुर चौराहे स्थित ऑटो स्टैंड पर काम करता है। वह रात के समय जरूरतमंदों को बोतलों में पेट्रोल भी उपलब्ध कराता है। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे अनुल उर्फ बली अपने साथियों सचिन गुर्जर और अरविंद छावई के साथ बाइक से वहां पहुंचा और पेट्रोल मांगा।
आकाश ने उन्हें पेट्रोल से भरी बोतल दे दी, लेकिन जब उसने इसके बदले 250 रुपये मांगे तो विवाद शुरू हो गया। आरोपित केवल 100 रुपये देने की बात कह रहे थे। इसी बात पर कहासुनी बढ़ी और तीनों युवकों ने आकाश के साथ मारपीट शुरू कर दी।
इसी दौरान आरोपितों ने आकाश के ऊपर पेट्रोल से भरी बोतल उड़ेल दी और फिर जलती हुई माचिस की तीली उसकी ओर फेंक दी। कुछ ही पलों में युवक आग की लपटों में घिर गया। उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
खबरें और भी
60 प्रतिशत तक झुलसा
डॉक्टरों के मुताबिक आकाश का शरीर करीब 60 प्रतिशत तक झुलस चुका है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। 20 प्रतिशत से अधिक बर्न के मामलों में भी स्थिति चिंताजनक मानी जाती है, ऐसे में उसकी हालत नाजुक है।
दो आरोपित गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलने के बाद थाटीपुर पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर हत्या के प्रयास का मामला कायम किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सचिन गुर्जर और अरविंद छावई को गिरफ्तार कर लिया और उनका जलूस निकाला। पुलिस का कहना है कि फरार तीसरे आरोपित को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
युवक को जिंदा जलाने की कोशिश हुई है। पेट्रोल के दाम को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद पेट्रोल डालकर युवक को आग लगा दी। दो आरोपित गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
- विपेंद्र सिंह चौहान, थाना प्रभारी, थाटीपुर