ग्वालियर में अमानवीय घटना: दफनाने की जगह पर हुआ विवाद, बच्ची का शव कब्र से निकालकर घर के दरवाजे पर फेंका
ग्वालियर के भितरवार में तीन माह की बच्ची के शव को दफनाने के बाद कब्र से निकालकर परिजनों के घर ...और पढ़ें

कब्र से निकाले जाने के बाद बच्ची के शव के पास बैइे शोकाकुल परिजन।
HighLights
ग्वालियर में तीन माह की बच्ची का शव कब्र से निकाला गया।
दफनाने की जगह को लेकर हुआ जमीन विवाद का मामला।
आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर जाम लगाया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। प्रदेश के ग्वालियर जिले के भितरवार क्षेत्र में इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। चैतगांव के मुंशी का पुरा गांव में तीन माह की बच्ची की मौत के बाद दफनाए गए शव को कुछ लोगों द्वारा कब्र से बाहर निकालकर उसके स्वजन के घर के दरवाजे पर फेंक दिया गया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई और आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। मामले में करहिया थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
बीमारी से हुई बच्ची की मौत
जानकारी के मुताबिक, मुंशी का पुरा निवासी कृष्णा बाई बंजारा और बीरबल सिंह बंजारा की तीन माह की बेटी की रविवार सुबह बीमारी के चलते मौत हो गई थी। इसके बाद परिजनों ने बच्ची के शव को भीमवाड़ा नदी किनारे श्मशान क्षेत्र के पास दफना दिया था।
जमीन को लेकर हुआ विवाद
परिजनों का आरोप है कि जिस स्थान पर बच्ची को दफनाया गया था, वहां खेती करने वाले पप्पू गुर्जर, राजेंद्र सिंह गुर्जर और रामनिवास गुर्जर ने इसका विरोध किया। परिजनों के अनुसार, विरोध के बावजूद बंजारा परिवार बच्ची को दफनाकर अपने घर लौट आया। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने बच्ची की कब्र खोदी और शव को बाहर निकालकर बंजारा परिवार के घर के दरवाजे पर लाकर फेंक दिया।
लोगों में फैला आक्रोश, लगाया जाम
घटना की जानकारी मिलते ही बंजारा परिवार और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए और विरोध में बच्ची का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाइश देकर जाम खुलवाया।
पुलिस की मौजूदगी में दोबारा दफनाया
बाद में पुलिस की मौजूदगी में बच्ची के शव को नदी घाट के समीप दूसरी भूमि पर दोबारा दफनाया गया। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
