छतरपुर में चरित्र शंका में पति बना हैवान: हंसिये से ताबड़तोड़ प्रहार कर पत्नी की हत्या, फिर खुद का गला काटा
छतरपुर के मोतीपुरवा गांव में एक पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह कर हंसिये से उसकी हत्या कर दी ...और पढ़ें

अस्पताल में उपचाररत पति ने पर्ची पर लिखकर पुलिस को बताई अपनी बात।
HighLights
पति ने पत्नी की चरित्र शंका में हंसिये से की हत्या।
हत्या के बाद पति ने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया।
घायल पति ग्वालियर रेफर, पुलिस अभिरक्षा में इलाज जारी।
डिजिटल डेस्क, छतरपुर। पत्नी के चरित्र पर संदेह और कथित साजिश के शक ने एक परिवार को ऐसी त्रासदी में धकेल दिया, जिसने पूरे गांव को हिला दिया। छतरपुर जिले के बंसिया थाना क्षेत्र के मोतीपुरवा गांव में रविवार देर रात पति ने हंसिये से पत्नी के गले और शरीर पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसी धारदार हथियार से अपनी गर्दन पर हमला कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में पति को जिला अस्पताल से ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उसका पुलिस अभिरक्षा में उपचार चल रहा है।
मायके से पत्नी को लेकर आया था पति
पुलिस के अनुसार, मोतीपुरवा निवासी 30 वर्षीय राजाबाबू केवट की शादी करीब 13 वर्ष पहले पन्ना जिले के मुहाना गांव निवासी सियाप्यारी से हुई थी। रविवार को राजाबाबू पत्नी को उसके मायके से विदा कराकर घर लेकर आया था। देर रात करीब दो बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। कुछ ही देर में कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया।
हंसिये से किए वार, मौके पर मौत
प्रारंभिक जांच में पत्नी के चरित्र पर संदेह को विवाद की मुख्य वजह बताया जा रहा है। आरोप है कि राजाबाबू ने घर में रखे हंसिये से सियाप्यारी के गले और शरीर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते महिला की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद उसने उसी हंसिये से अपनी गर्दन पर भी प्रहार कर खुदकुशी का प्रयास किया।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे स्वजन ने राजाबाबू को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर होने पर उसे ग्वालियर रेफर किया गया, जहां पुलिस अभिरक्षा में इलाज जारी है।
बंसिया पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल हंसिया जब्त कर लिया है। महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस स्वजन और ग्रामीणों के बयान दर्ज करने के साथ घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

कागज पर लिखकर बताई अपनी बात
पत्नी पर हमला करने के बाद राजाबाबू ने उसी हंसिये से अपनी गर्दन पर भी वार कर लिया था। गर्दन में गंभीर चोट के कारण वह पुलिस से बातचीत करने की स्थिति में नहीं था। पूछताछ के दौरान उसने पेन और कागज मांगा और लिखकर अपनी बात पुलिस को बताई।
राजाबाबू ने लिखित आरोप में पत्नी पर उसे धोखा देने और उसकी हत्या की साजिश रचने की बात कही। उसने दावा किया कि पत्नी पहले भी उसे जान से मारने का प्रयास कर चुकी थी। बच्चों को लेकर भी उसने कुछ गंभीर बातें लिखीं।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर में अमानवीय घटना: दफनाने की जगह पर हुआ विवाद, बच्ची का शव कब्र से निकालकर घर के दरवाजे पर फेंका
हालांकि, पति द्वारा लिखे गए इन आरोपों की पुलिस ने स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, बयानों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बंसिया थाना प्रभारी संजय पांडेय के मुताबिक प्रारंभिक तौर पर पत्नी के चरित्र पर संदेह को लेकर हत्या की बात सामने आई है। वहीं सीएसपी अरुण कुमार सोनी ने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट होगा।
