भिंड में घरेलू विवाद का खौफनाक अंत: पत्नी को गोली मारने के बाद पति ने की खुदकुशी
भिंड में नशे में धुत युवक ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी और फिर खुदकुशी कर ली। पत्नी गंभीर रूप से घायल होकर ग्वालियर रेफर की गई है। ...और पढ़ें

बंदूक से फायर (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
भिंड में घरेलू विवाद में पति ने पत्नी को गोली मारी।
गोली मारने के बाद पति ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की।
घायल पत्नी को गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया।
डिजिटल डेस्क, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के भिंड जिले में घरेलू विवाद ने शनिवार को भयावह रूप ले लिया। मौ थाना क्षेत्र के बमरौली गांव में एक युवक ने कथित तौर पर शराब के नशे में पहले अपनी पत्नी को कट्टे से गोली मार दी और फिर खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल पत्नी को इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
गोशाला में ले जाकर की फायरिंग
पुलिस के मुताबिक, बमरौली गांव निवासी मनोज यादव (40) शनिवार दोपहर करीब एक बजे नशे की हालत में घर पहुंचा। इसके बाद वह अपनी पत्नी रामाबाई (38) को गांव के बाहर स्थित गोशाला में ले गया। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और धक्का-मुक्की हुई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मनोज ने अपनी कमर में रखे 315 बोर के कट्टे से पत्नी पर गोली चला दी। गोली रामाबाई की बाईं जांघ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।
खुद को भी मारी गोली
पत्नी को गोली मारने के तुरंत बाद मनोज ने कट्टे में दोबारा कारतूस भरकर अपनी दाईं कनपटी पर फायर कर लिया। गोली सिर के आर-पार निकल गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस दोनों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया। वहीं प्राथमिक उपचार के बाद रामाबाई को पहले जिला अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
खबरें और भी
दूसरी महिला से बातचीत को लेकर था विवाद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मनोज का किसी दूसरी महिला से संपर्क था, जिसका उसकी पत्नी विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका है कि शनिवार को भी इसी मुद्दे पर कहासुनी के बाद घटना हुई।
मृतक पर दर्ज थे आपराधिक मामले
पुलिस के अनुसार, मनोज यादव के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी और मारपीट समेत कई आपराधिक मामले पहले से दर्ज थे। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।
प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच विवाद की बात सामने आई है। मृतक किसी महिला से बातचीत करता था, जिस पर पत्नी आपत्ति जताती थी। इसी विवाद के चलते घटना हुई प्रतीत होती है। मामले की जांच की जा रही है।
- रघुवीर सिंह मीणा, थाना प्रभारी, मौ