विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सड़क पर घायल को तड़पता देख शिवराज ने रुकवाया काफिला, एंबुलेंस बुलाकर भेजा अस्पताल; लोगों को बताई ‘गोल्डन ऑवर’ में मदद की अहमियत

Published: Mon, 07 Sep 2026 04:36 PM (IST)

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल से मंडीदीप जाते समय सड़क हादसे में घायल एक युवक को देखकर अपना ...और पढ़ें

केंद्रीय मंत्री शिवराज ने काफिला रुकवाकर घायल युवक की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया। (वीडियो ग्रैब)

केंद्रीय मंत्री शिवराज ने काफिला रुकवाकर घायल युवक की मदद की और उसे अस्पताल पहुंचाया। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. शिवराज सिंह चौहान ने सड़क हादसे में घायल युवक की मदद की।

  2. तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।

  3. 'गोल्डन ऑवर' का महत्व समझाया, लोगों से मदद की अपील की।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की। भोपाल से मंडीदीप जाते समय रास्ते में सड़क हादसे में घायल एक युवक को तड़पता देख उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवा दिया। शिवराज सिंह चौहान स्वयं घायल के पास पहुंचे, उसकी स्थिति जानी और बिना देर किए उसे अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई।

रविवार शाम करीब पांच बजे केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान मंडीदीप में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भोपाल से रवाना हुए थे। रास्ते में उन्होंने एक सड़क दुर्घटना देखी, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़ा था।

घायल युवक की हालत देखकर शिवराज ने तुरंत काफिला रुकवाया और मदद के लिए उसके पास पहुंचे। युवक के पास बैठी एक महिला उसकी हालत देखकर रो रही थी। शिवराज सिंह चौहान ने महिला को सांत्वना दी और घायल को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाने के लिए मौके पर ही व्यवस्था शुरू कर दी।

एंबुलेंस बुलवाई, दिए तत्काल इलाज के निर्देश

घायल युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए शिवराज सिंह चौहान ने तुरंत मौके पर एंबुलेंस बुलवाई। इसके बाद वह अपने स्टाफ के साथ घायल को खुद एंबुलेंस तक लेकर पहुंचे और उन्होंने एंबुलेंस कर्मियों को बिना देरी अस्पताल ले जाकर भर्ती कराने के निर्देश दिए गए। केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद लोगों से भी घायल की मदद करने और आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।

‘गोल्डन ऑवर’ की अहमियत समझाकर मदद की अपील

इस घटना का वीडियो शिवराज सिंह चौहान के इंटरनेट मीडिया अकाउंट से भी साझा किया गया है। 'एक्स' पर पोस्ट किए गए वीडियो के जरिए उन्होंने सड़क हादसे के बाद शुरुआती समय, यानी ‘गोल्डन ऑवर’, की अहमियत को रेखांकित करते हुए लोगों से दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की तत्काल मदद के लिए आगे आने की अपील की।

यह भी पढ़ें- रायसेन में भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 4 युवकों की मौत; एक गंभीर घायल

उन्होंने कहा कि सड़क हादसे के बाद का शुरुआती एक घंटा बेहद महत्वपूर्ण होता है। इस दौरान समय पर अस्पताल पहुंचाने और प्राथमिक मदद मिलने से घायल व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।

यातायात नियमों के पालन का आग्रह

शिवराज सिंह चौहान ने लोगों से सड़क पर सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही कहा कि यदि रास्ते में कोई व्यक्ति दुर्घटना में घायल दिखाई दे तो मदद करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। समय पर की गई छोटी-सी पहल भी किसी के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकती है।