रायसेन में भीषण हादसा: तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, 4 युवकों की मौत; एक गंभीर घायल
रायसेन जिले में रविवार देर रात तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, जिससे चार युवकों की मौके पर ही ...और पढ़ें

हादसे में कार क्षतिग्रस्त, चार युवकों (इनसेट में) की मौत।
HighLights
औबेदुल्लागंज-सलकनपुर मार्ग पर हुआ हादसा।
मरने वाले चारों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे।
एक युवक गंभीर घायल, भोपाल एम्स रेफर।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। रायसेन जिले में रविवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। औबेदुल्लागंज-सलकनपुर मार्ग पर ग्राम दीवटिया के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चारों मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे। एक साथ चार युवकों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, हादसा नूरगंज थाना क्षेत्र में ग्राम दीवटिया स्थित पेट्रोल पंप के पास रात करीब 12 बजे हुआ। कार में सवार युवक औबेदुल्लागंज से अपने गांव दीवटिया लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग अंदर फंसकर रह गए। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालने के लिए कटर की मदद लेनी पड़ी।
मृतकों की हुई शिनाख्त
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दीवटिया निवासी शुभम नागर (24), गौरव नागर (24), आशीष नागर (22) और कृष नागर (20) के रूप में हुई है।
शुभम मंडीदीप स्थित एक कंपनी में काम करता था, जबकि कार चला रहा गौरव पढ़ाई कर रहा था। आशीष एक कीटनाशक दुकान पर काम करता था और कृष छात्र था। हादसे ने चार परिवारों की खुशियां एक ही रात में छीन लीं।
यह भी पढ़ें- त्विषा मौत मामले में दो पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बढ़ाई उलझन, चोटों पर भोपाल और दिल्ली AIIMS की राय अलग-अलग
गंभीर घायल युवक एम्स भोपाल रेफर
दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल प्रशांत नागर को प्राथमिक उपचार के बाद भोपाल एम्स रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही नूरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर मार्ग को सुचारु कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।
