Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    11 साल बाद शिकंजे में आया सांसी गैंग का शातिर चोर, ट्रेनों में बैग काटकर करता था लाखों की चोरी, गुवाहाटी जेल से पकड़कर भोपाल लाई GRP

    Updated: Sun, 12 Jul 2026 03:16 PM (IST)

    भोपाल जीआरपी ने 11 साल से फरार कुख्यात सांसी गैंग के सदस्य सत्यभान सांसी को गुवाहाटी जेल से गिरफ्तार किया है। वह ट्रेनों में यात्रियों के बैग काटकर नक ...और पढ़ें

    सांसी गैंग का सदस्य गिरफ्तार।

    सांसी गैंग का सदस्य गिरफ्तार।

    HighLights

    1. कुख्यात सांसी गैंग का सदस्य 11 साल बाद गिरफ्तार।

    2. ट्रेनों में ब्लेड से बैग काटकर करता था चोरी।

    3. गुवाहाटी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल लाया गया।

    डिजिटल डेस्क, भोपाल। रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों के बैग काटकर चोरी करने वाले कुख्यात सांसी गैंग के एक फरार बदमाश को भोपाल जीआरपी ने 11 साल बाद गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी सत्यभान सांसी उर्फ सत्यभान (40), हरियाणा के भिवानी जिले का निवासी है। उसके खिलाफ देशभर में 15 स्थायी और गिरफ्तारी वारंट लंबित थे, जिनमें 13 भोपाल जीआरपी और दो इटारसी जीआरपी के थे। आरोपी पर 54 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।

    ब्लेड से बैग काटकर उड़ाते थे नकदी और जेवर

    जीआरपी के अनुसार, सत्यभान कुख्यात सांसी गैंग का सक्रिय सदस्य है। गिरोह के सदस्य ट्रेनों के जनरल और स्लीपर कोच में सफर करने वाले यात्रियों को निशाना बनाते थे। वे ब्लेड या चाकू से बैग और ट्रॉली बैग काटकर नकदी, जेवर और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।

    पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और असम समेत कई राज्यों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।

    साइबर ट्रैकिंग से मिला बड़ा सुराग

    भोपाल जीआरपी लंबे समय से पुराने स्थायी वारंटों की तामील के लिए विशेष अभियान चला रही थी। इस दौरान पुलिस ने भिवानी, हिसार और हरियाणा के अन्य संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी हर बार बच निकलता था।

    बाद में साइबर सेल की मदद से उसके मोबाइल नंबर की निगरानी की गई। जांच के दौरान मोबाइल की आखिरी लोकेशन असम के गुवाहाटी में मिली, जिसके बाद फोन बंद हो गया। इससे पुलिस को संदेह हुआ कि वह किसी अन्य मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

    खबरें और भी

    गुवाहाटी जेल से प्रोडक्शन वारंट पर भोपाल लाया गया

    जांच के दौरान भोपाल जीआरपी ने असम के जालुकबाड़ी थाना पुलिस से संपर्क किया। वहां से पुष्टि हुई कि सत्यभान एक स्थानीय अपराध में गिरफ्तार होकर गुवाहाटी सेंट्रल जेल में बंद है। इसके बाद भोपाल की अदालत से प्रोडक्शन वारंट जारी कराया गया और आरोपी को भोपाल लाकर उसके खिलाफ लंबित सभी 15 वारंटों की कार्रवाई पूरी की गई।

    यह भी पढ़ें- मैहर में समीक्षा बैठक के दौरान बार-बार बाहर जा रहे थे अधिकारी, जांच कराई तो 49 में 19 को निकली डायबिटीज

    11 साल से था फरार 

    जीआरपी के मुताबिक, सत्यभान के खिलाफ चोरी और संगठित अपराध से जुड़े करीब 11 साल पुराने मामले दर्ज हैं। इनमें आईपीसी की धारा 379, 380, 401 और 201 सहित अन्य धाराओं के प्रकरण शामिल हैं। अब पुलिस उससे सांसी गैंग के अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और विभिन्न राज्यों में हुई चोरी की वारदातों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।