MP Weather: शिवपुरी में 5.5 इंच वर्षा, भोपाल-ग्वालियर समेत 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग केंद्र ने गुना, शिवपुरी और श्योपुर के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
शिवपुरी में 24 घंटे में 135 मिमी (साढ़े पांच इंच) बारिश।
गुना, शिवपुरी, श्योपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के पास निम्न दबाव का केंद्र सक्रिय।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश और उसके आसपास स्ट्रांग वेदर सिस्टम एक्टिव हैं। उनके असर से पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहा। सबसे ज्यादा वर्षा शिवपुरी में 135 मिमी यानी करीब साढ़े पांच इंच दर्ज की गई। इसके अलावा श्योपुर में 110 मिमी और राजगढ़ में 80 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे लगे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र कमजोर होकर अब निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील हो गया है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। अगले 24 घंटों में इसके इसी क्षेत्र के आसपास लगभग स्थिर रहने की संभावना है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं।
शिवपुरी में 135 मिमी बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में शिवपुरी में 135 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। श्योपुर में 110, राजगढ़ में 80, भोपाल में 65.2, नीमच में 60, गुना में 42.6, रायसेन में 35.5, विदिशा में 28, अशोकनगर और उज्जैन में 27, डबरा में 24.4, मुरैना में 24 और नर्मदापुरम में 17.2 मिमी वर्षा दर्ज हुई।
इन इलाकों में झमाझम के आसार
मौसम विभाग ने विदिशा, राजगढ़, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया है।
वहीं भोपाल, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, रीवा, मऊगंज, सतना, नरसिंहपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर और मैहर में अनेक स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, धार, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पांढुर्णा में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
गुना-शिवपुरी-श्योपुर में अति भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने गुना, शिवपुरी और श्योपुर जिलों में अति भारी बारिश की चेतावनी देते हुए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
यहां येलो अलर्ट
वहीं भोपाल, विदिशा, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, शाजापुर, आगर, मंदसौर, नीमच, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सतना, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ आंधी-वज्रपात और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। ये जिले येलो अलर्ट की श्रेणी में हैं।
यह भी पढ़ें- MP में मानसून मेहरबान: नौगांव में 5 इंच बारिश, दमोह-टीकमगढ़ में रेड अलर्ट, 33 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
ये वेदर सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में बारिश के लिए कई मौसमी प्रणालियां प्रभावी हैं। मानसून ट्रफ उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश के निम्न दबाव क्षेत्र से होते हुए पूर्वी दिशा में आगे बढ़ रही है। इसके अलावा दक्षिणी हरियाणा से दक्षिण असम तक एक ट्रफ और दक्षिण गुजरात से उत्तर बांग्लादेश तक दूसरी ट्रफ सक्रिय है। इन प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश में बारिश का दौर फिलहाल जारी रहने की संभावना है।
