विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में मानसून मेहरबान: नौगांव में 5 इंच बारिश, दमोह-टीकमगढ़ में रेड अलर्ट, 33 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी

Published: Fri, 04 Sep 2026 10:07 AM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है, जिससे अधिकांश इलाकों में भारी बारिश हो ...और पढ़ें

-एआई से निर्मित इमेज।

-एआई से निर्मित इमेज।

HighLights

  1. मध्य प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय, भारी बारिश जारी।

  2. नौगांव में सर्वाधिक 122 मिमी (5 इंच) बारिश दर्ज हुई।

  3. दमोह-टीकमगढ़ में अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश के ऊपर बने स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र और अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी से प्रदेश की ओर बढ़ रही ट्रफ लाइनों के प्रभाव से अधिकांश इलाकों में बारिश का दौर तेज हो गया है। गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में झमाझम बारिश हुई, जबकि शुक्रवार को भी कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े 8 बजे तक बीते 24 घंटों में नौगांव में सर्वाधिक 122 मिलीमीटर (करीब 5 इंच) बारिश दर्ज की गई। वहीं खजुराहो और शिवपुरी में 50-50 मिमी, श्योपुर और टीकमगढ़ में 49-49 मिमी तथा ग्वालियर में 43.6 मिमी वर्षा हुई। दतिया में 27.2, रायसेन में 22.4, इंदौर में 17.8 और पचमढ़ी में 17 मिमी पानी गिरा। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा सिस्टम

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, निम्न दबाव का क्षेत्र दक्षिण की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 24 घंटे में दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उससे लगे उत्तर-मध्य प्रदेश के क्षेत्रों से गुजरते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। सिस्टम के प्रभाव से मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

दमोह-टीकमगढ़ में रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को दमोह और टीकमगढ़ में अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में बहुत तेज बारिश के चलते स्थानीय स्तर पर जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि की स्थिति बन सकती है।

13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान रायसेन, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पन्ना, सागर, छतरपुर, निवाड़ी और पांढुर्णा में अति भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- MP Weather: नर्मदापुरम-छिंदवाड़ा में रेड अलर्ट, सागर-जबलपुर समेत 25 अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

इन जिलों में येलो अलर्ट

इसके अलावा विदिशा, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, आगर, शिवपुरी, मुरैना, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, उमरिया, डिंडौरी, बालाघाट, मैहर, जबलपुर, कटनी, सिवनी और मंडला में भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी भोपाल के साथ हरदा, बुरहानपुर और आसपास के कुछ अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों से विशेषकर अलर्ट वाले जिलों में मौसम की स्थिति पर नजर रखने की अपील की है।