MP Weather Alert: पूर्वी इलाकों में वेदर सिस्टम एक्टिव; रीवा-डिंडौरी समेत 11 जिलों में भारी बारिश के आसार
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है और बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण अगले एक-दो ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय।
रीवा, डिंडौरी सहित 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
भोपाल समेत मध्य क्षेत्रों में 4-5 सितंबर को तेज बारिश।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की सक्रियता बरकरार है। वर्तमान में नमी के चलते आसमान पर बादल छाए हुए हैं और उत्तरी हवाएं चल रही हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बना कम दबाव का क्षेत्र ओडिशा की ओर बढ़ रहा है, इसके प्रभाव से अगले एक-दो दिनों में वर्षा की गतिविधियों में तेजी आएगी।
यहां बरसा पानी
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक रीवा में 38.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, वहीं सतना में 24.9 मिमी पानी गिरा। मंडला में 16 मिमी वर्षा हुई। भोपाल में रविवार को दिन भर बादल छाए रहे। बादलों और नमी की वजह से सीधी और सतना में दिन का पारा चार डिग्री से अधिक गिर गया, जबकि सागर, रीवा, रायसेन, छतरपुर जिले के नौगांव, मंडला और गुना में तापमान में तीन डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई।
इन जिलों में पड़ सकती हैं तेज बौछारें
प्रदेश के पूर्वी इलाकों में वेदर सिस्टम एक्टिव है। इसके असर से आज भी वहां कई जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार को सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और मैहर जैसे 11 जिलों में भारी वर्षा, बिजली चमकने एवं 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर व जबलपुर समेत बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ हवाएं चलेंगी। एक सितंबर को यानी कल सीधी, उमरिया और मंडला जिलों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ अति भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी, रीवा-पन्ना समेत 13 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
दो दिन बाद तेज होगा बारिश का सिलसिला
मौसम विज्ञानी बीएस यादव ने बताया कि दो और तीन सितंबर से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में जोरदार वर्षा शुरू होने के आसार हैं। इसके बाद सिस्टम के आगे बढ़ने पर चार और पांच सितंबर को भोपाल सहित मध्य क्षेत्र के जिलों में तेज वर्षा का सिलसिला देखने को मिल सकता है।
