MP Weather: बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी, रीवा-पन्ना समेत 13 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण रीवा-पन्ना सहित ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम से मानसून सक्रिय।
रीवा-पन्ना सहित 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट।
कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट पर बना सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र अब मौसम को प्रभावित कर रहा है। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसके असर से प्रदेश के कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
इन इलाकों में पड़ीं तेज बौछारें
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों के दौरान मैहर जिले में अति भारी बारिश हुई। वहीं रीवा, शहडोल और पन्ना में भारी वर्षा दर्ज की गई। वहीं रीवा, शहडोल और जबलपुर संभाग के अधिकांश जिलों के साथ नर्मदापुरम संभाग में भी कई स्थानों पर गरज-चमक, वज्रपात और बारिश का असर रहा।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट और पन्ना में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक वर्षा हो सकती है।
इन इलाकों में बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
पूर्वी क्षेत्र में सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी मप्र के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और पांढुर्णा में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मैहर में भी मौसम खराब रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम देगा बारिश को मजबूती
मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र फिलहाल सक्रिय है और इसके साथ ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अलावा निम्न दबाव क्षेत्र से उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो झारखंड और बिहार से होकर गुजर रही है।
इन मौसमी प्रणालियों के कारण मध्य प्रदेश के पूर्वी और मध्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
गरज-चमक के साथ चलेंगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने बारिश के साथ वज्रपात और झंझावात को लेकर भी सतर्क किया है। भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा से लेकर इंदौर, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर और नीमच तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
इसके अलावा कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भी 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है।
