MP Weather: नर्मदापुरम-छिंदवाड़ा में रेड अलर्ट, सागर-जबलपुर समेत 25 अन्य जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मप्र में मानसून की प्रबलता बरकरार है। मौसम विभाग ने नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा सहित कई जिलों में भारी बारिश की ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अत्यधिक भारी वर्षा का रेड अलर्ट।
निम्न दाब क्षेत्र और तीन ट्रफ लाइनें सक्रिय, अगले तीन दिन वर्षा।
खजुराहो में 178.2 मिमी वर्षा; सतना-नौगांव में भी झमाझम ।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में झमाझम का नया दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, वर्तमान में एक निम्न दाब का क्षेत्र और तीन ट्रफ लाइनें सक्रिय हैं। इसके प्रभाव से अगले तीन दिन तक प्रदेश के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा की संभावना है।
खजुराहो में 7 इंच से ज्यादा वर्षा
मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान गुरुवार सुबह साढ़े आठ बजे तक खजुराहो में सर्वाधिक 178.2 मिमी यानी 7 इंच से ज्यादा वर्षा हुई। वहीं सतना में 88.2, नौगांव में 87.8, जबलपुर में 70.6, सागर में 70.5, मंडला में 61.1, बालाघाट जिले के मलाजखंड में 58, सीधी में 54.2, उमरिया में 51.6 और रीवा में 42.8 मिलीमीटर बरसात हुई। कुछ अन्य जिलों में भी मध्यम से हल्की बरसात हुई।
निम्न दाब का क्षेत्र, तीन ट्रफ लाइन हैं एक्टिव
मौसम विज्ञानी प्रमेंद्र कुमार ने बताया कि झारखंड और उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर बना निम्न दाब का क्षेत्र गुरुवार को आगे बढ़ते हुए दक्षिणी उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश से गुजरेगा। साथ ही बंगाल की खाड़ी तक फैली मानसून ट्रफ लाइन के चलते प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां तेज होंगी। इसके अलावा अन्य दो ट्रफ लाइन भी सक्रिय हैं। चार और पांच सितंबर को भोपाल में तेज वर्षा हो सकती है।
यह भी पढ़ें- MP Weather: बंगाल की खाड़ी में बना स्ट्रांग सिस्टम, सीधी-पन्ना समेत 23 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
रेड अलर्ट: नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा में अत्यधिक भारी वर्षा।
ऑरेंज अलर्ट: रायसेन, बैतूल, नरसिंहपुर, सिवनी, सागर, छतरपुर में अति भारी वर्षा।
येलो अलर्ट (भारी वर्षा): विदिशा, सीहोर, राजगढ़, आगर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, दतिया, सतना, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में भारी वर्षा के आसार।
येलो अलर्ट (हल्की व मध्यम वर्षा): भोपाल, हरदा, बुरहानपुर समेत कुछ अन्य जिलों में।
