MP Weather: पूर्वी हिस्से में मानसून का जोर बरकरार; सतना-उमरिया समेत 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; 3 में ऑरेंज अलर्ट
पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून का जोर बरकरार है, जहां सतना, उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
पूर्वी मध्य प्रदेश में मानसून का जोर बरकरार।
सतना, उमरिया, बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश।
डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश के खासकर पूर्वी हिस्से में मानसून का जोर बरकरार है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक रीवा और शहडोल संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबकि सागर संभाग में कई स्थानों और इंदौर, ग्वालियर, चंबल व जबलपुर संभाग के कुछ इलाकों में भी पानी गिरा। आने वाले 24 घंटे में पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां और बढ़ने की संभावना है।
इन इलाकों में खूब बरसा पानी
मौसम विभाग से प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के रीवा जिले में 71 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा मैहर में 52.2, सतना में 48.3, अमरपाटन में 43, मऊगंज में 34 और सिंगरौली में 33 मिमी वर्षा हुई। पूर्वी मध्य प्रदेश के कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहा।
सतना, उमरिया और बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में सतना, उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। इसके साथ ही गरज-चमक और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है।
इन 14 जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी
इसके अलावा सिंगरौली, सीधी, रीवा, अनूपपुर, शहडोल, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, पन्ना, छतरपुर, मैहर और टीकमगढ़ में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। इन क्षेत्रों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना भी जताई गई है।
इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना और श्योपुर में भी कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
बंगाल की खाड़ी का सिस्टम बढ़ाएगा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार गंगीय पश्चिम बंगाल और आसपास के उत्तर तटीय ओडिशा, झारखंड तथा उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना अच्छी तरह चिह्नित निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुका हुआ है। इसके अगले 48 घंटे में उत्तर ओडिशा और झारखंड होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- MP Weather Alert: पूर्वी इलाकों में वेदर सिस्टम एक्टिव; रीवा-डिंडौरी समेत 11 जिलों में भारी बारिश के आसार
इसके अलावा एक ट्रफ दक्षिण गुजरात से मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ होते हुए इस मौसम प्रणाली तक बना हुआ है। इसका असर प्रदेश में बारिश की गतिविधियों को बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान मौसम की स्थिति में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई है। ऐसे में प्रदेश में बारिश का दौर आगे भी जारी रह सकता है, जबकि पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश के दौर के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी की स्थिति बन सकती है।
