विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में मानसून सक्रिय, ग्वालियर-छतरपुर समेत 13 जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी; घाटीगांव में 3 इंच से ज्यादा बारिश

Published: Sun, 06 Sep 2026 02:35 PM (IST)

मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है, बीते 24 घंटों में कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई और अगले 24 घंटों ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र

-प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. उत्तर-पूर्वी मप्र में मानसून का जोर, झमाझम का दौर जारी।

  2. ग्वालियर-चंबल, बुंदेलखंड के 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी।

  3. घाटीगांव में 81 मिमी से अधिक, इटारसी में 78 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बीते 24 घंटों के दौरान अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि अगले 24 घंटों में भी बारिश का दौर जारी रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड के कई जिलों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।

रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के अधिकांश जिलों में बारिश हुई। उज्जैन और जबलपुर संभाग में अनेक स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई, जबकि शहडोल संभाग के कुछ जिलों और इंदौर व रीवा संभाग के अलग-अलग हिस्सों में भी बारिश का दौर चला।

घाटीगांव में सबसे ज्यादा 81 मिमी बारिश

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान ग्वालियर के घाटीगांव में सबसे अधिक 81.4 मिमी (3 इंच से अधिक) बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा इटारसी में 78 मिमी, शिवपुरी के पिछोर में 52 मिमी, मुरैना और श्योपुर में 42-42 मिमी तथा पचमढ़ी में 31 मिमी वर्षा हुई।

वहीं गुना में 27 मिमी, बैतूल में 24.4 मिमी, आगर में 22 मिमी और शाजापुर में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

यूपी के पास बना कम दबाव का क्षेत्र, एमपी पर असर

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उससे लगे क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इसके साथ जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

मानसून द्रोणिका भी प्रदेश के सतना से होकर गुजर रही है। इसके अलावा दक्षिण गुजरात से उत्तर बंगाल तक बनी द्रोणिका और अन्य मौसमी प्रणालियों के कारण मध्य प्रदेश में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रहने की संभावना है।

इन जिलों में कई स्थानों पर होगी बारिश

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान विदिशा, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में अनेक स्थानों पर बारिश और गरज-चमक होने के आसार हैं।

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडौरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

वहीं बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार और रतलाम जिलों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई गई है।

13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 64.5 से 115.5 मिमी तक वर्षा हो सकती है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है।

यह भी पढ़ें- MP Weather: शिवपुरी में 5.5 इंच वर्षा, भोपाल-ग्वालियर समेत 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; तीन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

वहीं भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। खासतौर पर ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र में मौसम का मिजाज ज्यादा बिगड़ सकता है।