विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

MP में रक्षाबंधन से पहले 57 लाख हितग्राहियों को बड़ा तोहफा: पेंशन और उज्ज्वला गैस सब्सिडी के 311 करोड़ खाते में ट्रांसफर

Updated: Wed, 12 Aug 2026 05:01 PM (IST)

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने त्योहारों से पहले 57 लाख से अधिक हितग्राहियों को 311 करोड़ रुपये की आर्थिक राहत दी। यह राशि सामाजिक सुरक्षा पेंशन और उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर सब्सिडी के रूप में सीधे बैंक खातों में भेजी गई।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से अंतरित की राशि।

सीएम डॉ. मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से अंतरित की राशि।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री ने 311 करोड़ रुपये की आर्थिक राहत दी।

  2. सामाजिक सुरक्षा पेंशन और उज्ज्वला गैस सब्सिडी शामिल।

  3. लाखों हितग्राहियों को त्योहारों से पहले मिली बड़ी राहत।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। त्योहारों से पहले प्रदेश सरकार ने लाखों हितग्राहियों को आर्थिक राहत दी है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय से सिंगल क्लिक के जरिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत गैस सिलेंडर रिफिल की राशि के रूप में कुल 311 करोड़ रुपये पात्र हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित किए।

मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों के हितग्राहियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण और विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर परिवार के जीवन में खुशहाली लाना और अंत्योदय की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

35 लाख से अधिक बुजुर्गों और दिव्यांगों को 211 करोड़

सामाजिक सुरक्षा पेंशन की विभिन्न योजनाओं के तहत प्रदेश के 35 लाख 25 हजार से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में 211 करोड़ 53 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए। यह राशि जुलाई 2026 की पेंशन के रूप में दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नागरिकों का सम्मान और उनकी खुशी सरकार के लिए सबसे महत्वपूर्ण है। आने वाले त्योहारों को देखते हुए सरकार ने बुजुर्गों और जरूरतमंद हितग्राहियों तक पेंशन राशि समय पर पहुंचाने का निर्णय लिया।

22 लाख बहनों के खाते में 99 करोड़ की गैस सब्सिडी

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेश की 22 लाख 20 हजार से अधिक महिलाओं के बैंक खातों में भी गैस सिलेंडर रिफिल की सब्सिडी पहुंचाई गई। अप्रैल और मई 2026 की दो माह की रिफिल राशि के रूप में करीब 99 करोड़ रुपये सीधे खातों में ट्रांसफर किए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सावन का महीना बहनों के लिए खास होता है और रक्षाबंधन से पहले यह राशि उनके लिए सरकार की ओर से उपहार है।

यह भी पढ़ें- सड़क पर तड़प रहा था पैरों से लाचार घायल श्वान, मदद के लिए 500 किमी दौड़ी माधवी; भिंड पहुंचकर आश्रम में कराया भर्ती

'हर घर तिरंगा' अभियान में सहभागिता की अपील

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेशवासियों से 'हर घर तिरंगा' अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

कार्यक्रम को खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी संबोधित किया।

सरकार के इस सीधे बैंक खातों में राशि हस्तांतरण से सामाजिक सुरक्षा पेंशन पर निर्भर लाखों बुजुर्गों, दिव्यांगों और उज्ज्वला योजना की महिला हितग्राहियों को त्योहारों से पहले आर्थिक राहत मिली है।